दालमंडी में फिर गरजा ‘बाबा का बुलडोजर’, चौड़ीकरण की जद में आ रही मस्जिदों पर ताबड़तोड़ एक्शन; भारी सुरक्षा बल तैनात

Bulldozer Action in Dalmandi/ जयपाल: वाराणसी में दालमंडी चौड़ीकरण के तहत आज सुबह सवेरे एक बार फिर बुलडोजर एक्शन हुआ. बुधवार (1 जुलाई) को सुबह से मस्जिदों पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू कर दी गई. सबसे पहले चौक थाने के बगल स्थित करीमुल्लाबेग मस्जिद को ध्वस्त किया गया. जिससे इलाके में हड़कंप मच गया.

दालमंडी में मस्जिदों पर शुरू हुई कार्रवाई
प्रशासन आज कुल पांच मस्जिदों को हटाने की प्लानिंग में है, इनमें करीमुल्ला बेग मस्जिद, निसारन मस्जिद, अली रजा खान मस्जिद, संगेमरमर मस्जिद और रंगीले शाह मस्जिद शामिल हैं. इस कार्रवाई के दौरान किसी भी तरह की अनहोनी रोकने के लिए इलाके में बड़ी संख्या में पीएसी, पैरामिलिट्री और सिविल फोर्स तैनात की गई है. दालमंडी के सभी रास्तों को टिन शेड लगाकर बंद कर दिया गया है.

पूरे इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम
सुरक्षा कारणों से पूरे इलाके में मीडिया की एंट्री पर भी पाबंदी लगा दी गई है. प्रशासन का कहना है कि दालमंडी चौड़ीकरण परियोजना के तहत यह कार्रवाई जरूरी है. ध्वस्तीकरण के दौरान ड्रोन से भी निगरानी की जा रही है. इलाके में तनाव न फैले, इसके लिए पुलिस लगातार गश्त कर रही है.

जानिए क्या है ये प्रोजेक्ट?
दरअसल, वाराणसी की दालमंडी गली को मॉडल सड़क के रूप में विकसित किया जाना है. पीएम नरेंद्र मोदी ने अपने 51वें काशी के दौरे पर इस कार्य का शिलान्यास किया था. इसके लिए राज्य सरकार की तरफ से 215.88 करोड़ रुपए जारी किए गए हैं. 186 भवन, दुकान स्वामियों को 191 करोड़ रुपए मुआवजा के रूप में दिए जाएंगे. पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों की मानें तो नई सड़क से लेकर चौक थाने तक 650 मीटर की दालमंडी गली को 60 फुट चौड़ा किया जाना है. इसमें 30 फुट की सड़क और दोनों तरफ 15-15 फुट की पटरी होगी. इसके अंदर बिजली, सीवर और पानी की व्यवस्था अंडरग्राउंड की जाएगी. यहां तारों का जंजाल साफ किया जाएगा.