मुजफ्फरपुर; बिहार के मुजफ्फरपुर कोर्ट परिसर में उस समय अफरातफरी मच गई, जब एक महिला के पूर्व पति और वर्तमान पति आपस में भिड़ गए। दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि देखते ही देखते दोनों के बीच मारपीट होने लगी।। कचहरी परिसर में मौजूद लोगों की भीड़ जुट गई और दोनों को समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन काफी देर तक हंगामा चलता रहा। कोर्ट परिसर में तैनात पुलिस कर्मी जब पहुंचे तो दोनों अलग हो गए और मौके से खिसक गए। दोनों के बीच एक बच्चे के लिए विवाद हुआ।
महिला के पूर्व पति ने अपने बच्चे को पाने के लिए कोर्ट में मामला दर्ज कराया था। इसी मामले की सुनवाई को लेकर तारीख थी। पूर्व पति का आरोप था कि वर्तमान पति ने उसकी पत्नी को प्रेमजाल में फंसाकर उससे तलाक दिलवाया गया। इसी बात को लेकर कचहरी परिसर में दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। बताया गया कि बहस के दौरान महिला का वर्तमान पति भी मौके पर पहुंच गया। दोनों के बीच आरोप-प्रत्यारोप होने लगे और देखते ही देखते दोनों एक-दूसरे से भिड़ गए। कचहरी परिसर में मौजूद लोगों के सामने दोनों के बीच जमकर मारपीट हुई।
बच्चे को लेकर फसाद
पूर्व पति का कहना है कि उसके परिवार इस व्यक्ति ने तोड़कर रख दिया। पत्नी को प्रेमजाल में फंसाकर अपने साथ ले गया। लेकिन, बच्चे पर उसका हक बनता है। उसने पत्नी पर भी कई आरोप लगाया। कहा कि बच्चा उसका है जिसे वह अपने साथ रखना चाहता है। पत्नी अपने साथ यह बच्चा रखना चाहती है लेकिन उसका बॉयफ्रेंड बच्चे के साथ सही व्यवहार नहीं करता है। बच्चे की सुरक्षा के लिए वह उसे अपने पास रखना चाहता है। उधर तलाकशुरा पत्नी भी बच्चे के अपने पाले में लेना चाहती है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा है जिसमें महिला का वर्तमान पति कूद गया।
कचहरी परिसर में बाइक चोर पकड़ा गया, भीड़ ने धुना
बुधवार को मुजफ्फरपुर कचहरी परिसर में बाइक चोरी कर भाग रहे युवक को लोगों ने पकड़ लिया। भीड़ ने आरोपी की जमकर पिटाई कर दी। जानकारी के अनुसार, एसडीएम पूर्वी कार्यालय कैंपस में खड़ी बाइक का लॉक तोड़कर एक युवक उसे लेकर भागने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान बाइक मालिक पहुंच गया। उसके शोर मचाने पर आसपास के लोग जुट गए और युवक को पकड़ धुनाई शुरू कर दी। घटना की सूचना पर पहुंची नगर थाने पुलिस आरोपी को भीड़ से छुड़ाकर थाने ले गई। पकड़े गए युवक की पहचान कुढ़नी थाना क्षेत्र निवासी रंजन कुमार के रूप में हुई है।