मेरठ। मेरठ के परीक्षितगढ़ में कांस्टेबल की मां की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने हत्याकांड का खुलासा कर दिया है। पुलिस सफेद बालों से कातिल लीलू तक पहुंच गई है। आरोपी ने घेर में जेवर और खून से सने कपड़े छिपाए थे। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी नहाकर घेर में आकर सो गया था।
मेरठ के परीक्षितगढ़ थाना इलाके के गांव रामनगर उर्फ सैदीपुर में मंगलवार की देर रात घर में अकेली सो रही अनुसूचित जाति की वृद्ध महिला फूल समुंदरी (65) की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने जांच के बाद हत्यारोपी लीलू सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। वह महिला के पड़ोस में रहता है और चचेरा देवर लगता है। जेवर चुराने के लिए वह वृद्धा के घर में घुसा था। पहचान लेने पर उसने वृद्धा की हत्या कर दी।
गांव रामनगर निवासी फूल समुंदरी पत्नी राम सिंह मजदूरी करती थी। मंगलवार की रात वह मकान की छत पर सोई हुई थी। बारिश आने के बाद वह नीचे कमरे में सोने के लिए चली गई। बुधवार की सुबह पड़ोसी महिला मोनी जब समुंदरी को बुलाने घर पहुंची तो आवाज लगाने पर अंदर से कोई आवाज नहीं आई।
इस पर उसने मकान में अंदर जाकर देखा तो फूल समुंदरी का खून से लथपथ अर्द्धनग्न शव चारपाई पर पड़ा था। उसके कानों से सोने के कुंडल और गले से सोने का लॉकेट गायब मिले। घर में रखा संदूक खुला पड़ा था। सामान बिखरा था।
सूचना पर एसपी देहात अभिजीत सिंह, सीओ सदर देहात सुधीर सिंह फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड टीम को लेकर घटनास्थल पर पहुंचे और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की। एसपी देहात ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजना चाहा तो परिवार के लोगों ने शव नहीं उठने दिया। परिजन हत्यारोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए।
बड़ा बेटा सिलाई का करता है काम
बताया गया कि महिला का छोटा बेटा विपिन यूपी पुलिस में कांस्टेबल है और संभल में तैनात है। बड़ा बेटा मोनवीर मवाना में सिलाई का कार्य करता है। वह मवाना में ही अपने परिवार के साथ रहता है। परिजनों के अनुसार, महिला को बुधवार की रात गांव खटकी में अपनी भतीजी की शादी में भात देने जाना था।
चार घंटे में किया वारदात का खुलासा
एसएसपी अविनाश पांडेय ने बताया कि वारदात के खुलासे के लिए क्राइम ब्रांच, सर्विलांस और स्थानीय पुलिस की पांच टीमें गठित की गई। पुलिस ने चार घंटे बाद हत्यारोपी लीलू सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। हत्यारोपी ने बताया कि वह रात करीब एक बजे शराब पीकर जेवर चोरी करने के लिए फूल समुंदरी के घर में घुसा।
जब वह समुंदरी के जेवर उतारने लगा तो वह जग गई। पहचान लेने पर उसने चाकू से गर्दन काट कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद जेवर व मोबाइल लेकर भाग आया। आरोपी के कब्जे से लूटे गए जेवर और मोबाइल बरामद हुआ है।
बुझाकर जल्द ही वारदात का खुलासा करने व हत्यारोपियों को सलाखों के पीछे भेजने का आश्वासन दिया। एसएसपी के आश्वासन पर परिजनों ने शव को उठने दिया। ग्राम प्रधान प्रमोद कुमार की तहरीर पर परीक्षितगढ़ पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है।
सफेद बालों से लीलू तक पहुंची पुलिस
मेरठ के परीक्षितगढ़ के रामनगर गांव में फूल समुंदरी की हत्या करने वाले लीलू सिंह को लग रहा था कि उसे पुलिस पकड़ नहीं पाएगी इसलिए वह कहीं भागा नहीं। लेकिन संघर्ष के दौरान फूल समुंदरी के हाथों पर मिले सफेद बालों ने लीलू सिंह की पोल खोल दी। पुलिस पड़ताल में यह पहला अहम सुराग मिला। इसी से पुलिस को उस पर संदेह हुआ।
जांच अधिकारी थानाध्यक्ष सुदीश सिंह ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल के आसपास और गांव में लगे 25 सीसीटीवी कैमरों की रात की फुटेज खंगाली लेकिन उनमें न तो कोई गांव में आता दिखा न जाता हुआ। गांव के जो लोग घटनास्थल पर मौजूद थे उनमें लीलू सिंह के ही सिर, हाथ और दाढ़ी के बाल सफेद थे।
इसी तरह के बाल समुंदरी के हाथों और शरीर के कई अन्य हिस्सों पर मिले थे। पुलिस के इस शक को मृतका के बेटों और बेटी के संदेह से भी बल मिला।
उन्होंने भी लीलू पर ही शक जाहिर किया था क्योंकि करीब पांच साल पहले उसने इनके घर में चोरी की कोशिश की थी। हालांकि पड़ोसी होने के कारण तब रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई थी।
पुलिस ने लीलू को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो वह टूट गया और उसने पुलिस के सामने वारदात करना कुबूल कर लिया। जांच अधिकारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या के अलावा और किसी अन्य अपराध की पुष्टि नहीं हुई है। वृद्धा ने लीलू के साथ संघर्ष किया था। इस दौरान उनके कपड़े भी फट गए। लीलू उन कपड़ों को भी अपने साथ ले गया ताकि केस हत्या, लूट के अलावा और किसी अन्य वारदात की तरफ भी मोड़ा जा सके।
घेर में भुस में दबाए जेवर, कपड़े, नहाकर सो गया
सीओ सदर देहात सुधीर सिंह ने बताया कि पुलिस पूछताछ में लीलू ने बताया कि फूल समुंदरी की हत्या और लूट करने के बाद वह बराबर में ही अपने घेर में पहुंचा। उसने लूटे गए जेवर, खून से सने समुंदरी के कपड़े और मोबाइल भूसे में छिपा दिए। नहाया और सो गया। सुबह उठा जब लोगों की भीड़ जमा हो गई तो समुंदरी के घर पहुंचा और भीड़ में शामिल होकर खुलासे की मांग करने लगा। लीलू सिंह शादी-शुदा है, उसके दो बच्चे हैं। इस घटना के खुलासे में पांच टीमें लगाई गई थीं।