झमाझम बरसेगा मानसून, भारी बारिश का अलर्ट; बिजली गिरने की चेतावनी भी

लखनऊ। UP Weather: पिछले दो-तीन दिन से प्रदेश में मानसून सक्रिय हो गया है। इसका असर शुक्रवार को भी दिखा। गोरखपुर, देवरिया, चंदौली, कुशीनगर समेत आसपास के जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बरसात हुई।

मौसम विभाग के मुताबिक, शनिवार को बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर और बलरामपुर में भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा लखनऊ समेत करीब 40 से अधिक जिलों में वज्रपात (बिजली गिरने) के साथ हल्की वर्षा का पूर्वानुमान है।

पूर्वी यूपी में रहेगा मानसून का असर
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, मानसून का सर्वाधिक असर पूर्वी यूपी में रहेगा। रविवार को कई जिलों में अत्यधिक भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इसका असर गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, गोंडा, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर, सीतापुर, बाराबंकी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकरनगर और मुरादाबाद समेत आसपास के कई जिलों में भारी बरसात हो सकती है।

22 जुलाई तक सक्रियता रहेगी
मानसून की सक्रियता अभी 22 जुलाई तक जारी रहेगी। इस दौरान अधिकतम तापमान में आठ डिग्री सेल्सियस तक गिरावट के आसार हैं। शुक्रवार को लखनऊ में बादलों की आवाजाही जारी रही, लेकिन बारिश नहीं हुई।

हालांकि, दिन का पारा 35.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 25.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। करीब 35 जिलों में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना रहा, जिससे लोगों ने भीषण उमस से काफी राहत महसूस की।