पटना: Tejashwi Yadav: बिहार में विधानमंडल के मानसून सत्र की शुरुआत हो गई है। पांच दिन तक चलने वाले विधानसभा और विधान परिषद के सत्र में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की सरकार 13 अहम विधेयक पेश करेगी। सरकार सत्र के पहले दिन अनुपूरक बजट पेश करेगी। राष्ट्रीय जनता दल और विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी प्रसाद यादव सदन से गायब हैं। विपक्षी बेंच पर राष्ट्रीय जनता दल के बाकी विधायक नजर आ रहे हैं, लेकिन तेजस्वी नहीं हैं। सपरिवार विदेश दौरे पर गए तेजस्वी यादव के लौटने के बारे में कोई जानकारी आधिकारिक रूप से सामने नहीं आई है। यादव के अब तक नहीं लौटने से बांकीपुर उप-चुनाव में पार्टी की कैंडिडेट रेखा गुप्ता का प्रचार अभियान भी सूना लग रहा है, जहां भाजपा के नीरज सिन्हा और जन सुराज पार्टी के प्रशांत किशोर भी पहली बार विधानसभा पहुंचने के लिए लड़ रहे हैं।
एनडीए सरकार का नेतृत्व कर रही भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने तेजस्वी के को ‘परदेसी यादव’ कहकर उनके रवैए की आलोचना की है। तेजस्वी यादव ने चार दिन से सोशल मीडिया पर कोई पोस्ट भी नहीं किया है। भाजपा प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा- ‘मानसून आ गया है। पूरी दुनिया से घूम कर बादल भी बिहार की धरती पर मंडराने लगे हैं। कल बिहार विधानसभा का मानसून सत्र भी शुरू हो रहा है। परदेसी यादव अभी तक मिसिंग हैं। तेजस्वी यादव की दिलचस्पी राजनीति में नहीं है, उनकी पार्टी में नहीं है, उनकी दिलचस्पी कहीं और है, सिर्फ पैसे बटोरने में रहते हैं।’
24 जुलाई तक चलने वाले विधानमंडल सत्र में हमेशा की तरह सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच बवाल के आसार हैं। भरत तिवारी एनकाउंटर, पेपर लीक, महंगाई, राज्य की वित्तीय हालत, किसानों को यूरिया की उपलब्धता जैसे मसले विपक्ष उठाने की तैयारी में है। सरकार इस सत्र में बिहार निजी विश्वविद्यालय (संशोधन) समेत 13 विधेयक पेश करेगी। पहले ही दिन विधानसभा में वित्तीय वर्ष 2026-27 का पहला अनुपूरक बजट पेश किया जाएगा। 23 जुलाई को अनुपूरक बजट पर बहस एवं सरकार का जवाब होगा।
बिहार विधानमंडल के मानसून सत्र में सम्राट चौधरी सरकार के 13 विधेयक
बिहार नगर विकास विधेयक 2026
बिहार निजी विश्वविद्यालय (संशोधन) विधेयक 2026
बिहार दुकान और प्रतिष्ठान (रोजगार विनियमन और सेवा शर्त) (निरसन) विधेयक 2026
भारतीय स्टाम्प (बिहार संशोधन) विधेयक 2026
निबंधन (बिहार संशोशन) विधेयक 2026
बिहार ईज ऑफ डुईंग बिजनेस विधेयक 2026
बिहार जुआ (प्रतिषेध) विधेयक 2026
बिहार माल और सेवा कर (संशोधन) विधेयक 2026
बिहार कृषि भूमि (गैर कृषि प्रयोजनों के लिए संपरिवर्तन) (निरसन) विधेयक 2026
बिहार भूमि दाखिल-खारिज (संशोधन) विधेयक 2026
बिहार चिकित्सा (संशोधन) विधेयक 2026
बिहार नर्सेज पंजीकरण (संशोधन) विधेयक 2026
बिहार चीनी उपक्रम (अर्जन) (संशोधन) विधेयक 2026