बीच सड़क पर कई महिलाओं को चाकू घोंपने के बाद बोला आरोपी; ‘अल्लाह ने दिया जान से मारने का फरमान’… देखे Video

knife wielding man attacks three women: फ्रांस की राजधानी पेरिस में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां दो बड़े कसाई वाले चाकू लेकर घूम रहे एक शख्स ने सड़क पर जा रही 3 महिलाओं पर अचानक हमला कर दिया. घायलों में एक गर्भवती महिला भी शामिल है, हालांकि, घटना के वक्त मौजूद राहगीरों ने बहादुरी दिखाते हुए आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया. यह घटना उत्तरी पेरिस के ‘पोर्टे डी क्लिशी’ इलाके की है, जो पेरिस कोर्ट के पास स्थित है.

हमलावर ने 19, 24 और 36 वर्ष की तीन महिलाओं पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया. फिलहाल उनकी चोटों की गंभीरता को लेकर आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है. महिलाओं पर हमले का वीडियो बनाने वाले 26 वर्षीय मोहम्मद-अली बोहाजर और अन्य राहगीरों ने अपनी जान जोखिम में डालकर हमलावर को दबोचा.

चश्मदीद ने क्या कहा?
चश्मदीद मोहम्मद-अली ने बताया, ‘जब मैंने उसे एक महिला की पीठ में चाकू मारते देखा, तो मैं चिल्लाया, आओ, इसे रोकते हैं. इसके बाद कई साथी आए. एक राहगीर ने हमलावर पर एक भारी सूटकेस फेंककर मारा, जिससे उसके हाथों से दोनों चाकू छूटकर ज़मीन पर गिर गए. उसी पल मैंने उसे पकड़ा, पैर खींचकर उसे ज़मीन पर गिराया और हम सबने मिलकर उसे नीचे दबोच लिया.’

आरोपी बोला यह ‘यह अल्लाह का आदेश था’
समाचार एजेंसी रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, जमीन पर पकड़े रहने के दौरान आरोपी बार-बार चिल्ला रहा था कि ‘यह अल्लाह का आदेश था, जिसने मुझे ऐसा करने को कहा.’ इसके तुरंत बाद मौके पर मौजूद एक ऑफ-ड्यूटी (बिना वर्दी) पुलिस अधिकारी ने उसे हिरासत में ले लिया. फिलहाल पुलिस हिरासत में उससे पूछताछ की जा रही है.

फ्रांस के गृह मंत्री लॉरेंट नुनेज ने मीडिया को बताया कि इस हमले में 19, 24 और 36 साल की तीन महिलाएं घायल हुई हैं. इनमें से दो महिलाओं की हालत नाजुक बनी हुई है. पेरिस पुलिस फिलहाल आरोपी से पूछताछ कर रही है और हमले की वजह जानने की कोशिश कर रही है.

वायरल वीडियो में क्या दिख रहा?
एक वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि ट्रैकसूट पहने हमलावर को स्थानीय लोगों ने पूरी तरह से जमीन पर दबोच रखा है. पास ही पैदल पार पथ (पेडेस्ट्रियन क्रॉसिंग) पर दो चाकू पड़े हुए दिखाई दे रहे हैं. इस मामले में गृह मंत्री लॉरेंट नुनेज का कहना है कि हमले की वजह अभी तक पता नहीं चल सकी है. पुलिस अभी आरोपी की पहचान की पुष्टि नहीं कर पाई है. गिरफ्तारी के दौरान वह जो बातें कह रहा था, वे बिल्कुल उलझी हुई और समझ से बाहर थीं.