गर्भ में ही तय हो जाता है बच्चे का भविष्य, जानें गर्भाधान संस्कार के नियम

What is Garbhadhan Sanskar: हिंदू धर्म में जीवन को शुद्ध और संस्कारित बनाने के लिए 16 संस्कार बताए गए हैं. इनमें पहला संस्कार है गर्भाधान संस्कार, जिसे संतान प्राप्ति का आधार माना जाता है. इसका उद्देश्य है कि संसार में आने वाली संतान गुणवान, तेजस्वी और स्वस्थ हो. आज के दौर में अक्सर लोग गर्भाधान संस्कार को लेकर नजरअंदाज कर देते हैं. लेकिन, शास्त्रों में इस संस्कार को बेहद जरूरी और महत्वपूर्ण माना गया है. ऐसा इसलिए क्योंकि, माना जाता है कि बच्चे का भविष्य गर्भ में तय हो जाता है. ऐसे में आइए जानते हैं कि गर्भाधान संस्कार क्या है, इस संस्कार के नियम क्या हैं और कब-कब गर्भ धारण करना चाहिए और किन दिनों में गर्भ धारण करने से बचना चाहिए.

गर्भाधान संस्कार क्या है?

गर्भाधान संस्कार विवाह के बाद पति-पत्नी द्वारा संतानोत्पत्ति की शुभ शुरुआत है. यह सिर्फ एक शारीरिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि धार्मिक और आध्यात्मिक दृष्टि से पवित्र कर्म माना गया है. शास्त्रों में कहा गया है कि जिस दंपत्ति ने गर्भाधान संस्कार का पालन किया, उनकी संतान सदैव श्रेष्ठ गुणों से संपन्न होती है. इस संस्कार में संतान की मंगलकामना हेतु मंत्रोच्चार, देवी-देवताओं की प्रार्थना और शुद्ध वातावरण का विशेष ध्यान रखा जाता है।

गर्भाधान संस्कार के नियम

गर्भाधान संस्कार करते समय कुछ विशेष नियमों का पालन आवश्यक माना गया है. इस संस्कार में पति-पत्नी को शुद्ध और सात्विक आचरण रखना चाहिए. गर्भाधान से पहले स्नान करके ईश्वर का ध्यान करना चाहिए. रजस्वला स्त्री के शुद्ध होने के बाद ही गर्भाधान करना चाहिए. गर्भाधान से पूर्व कुलदेवता और पितरों का स्मरण करना चाहिए. इस दिन क्रोध, वाद-विवाद और नकारात्मक भावनाओं से दूर रहना चाहिए.

किन समयों पर गर्भाधान वर्जित है?

ज्योतिष और धर्मशास्त्रों में कुछ दिनों और स्थितियों को गर्भधारण के लिए अशुभ बताया गया है. शास्त्रों के अनुसार अमावस्या, पूर्णिमा, प्रतिपदा, नवमी और चतुर्दशी, सूर्य या चंद्र ग्रहण के समय. अशुद्धि, बीमारी, थकान, मानसिक तनाव या झगड़े के तुरंत बाद, इन समयों में गर्भधारण करने से संतान पर नकारात्मक प्रभाव पड़ने की संभावना रहती है.

गर्भाधान के शुभ दिन

शास्त्रों में मासिक धर्म समाप्त होने के चौथे दिन से सोलहवें दिन तक गर्भाधान करना उत्तम बताया गया है. इन दिनों में भी विशेष रूप से 4, 6, 8, 10, 12, 14 और 16वां दिन शुभ माना गया है. रविवार, सोमवार, बुधवार और गुरुवार ये दिन गर्भाधान संस्कार के लिए शुभ माने गए हैं. इसके अलावा शुक्ल पक्ष (चंद्रमा का बढ़ना) संतानोत्पत्ति के लिए श्रेष्ठ है.