उत्तराखंड में किसानों के हक में आप की संकल्प यात्रा, 15 से 17 नवंबर तक दौरे पर रहेंगे भगवंत मान

इस खबर को शेयर करें

देहरादून। आम आदमी पार्टी किसानों के हक में 15 नवंबर से संकल्प यात्रा शुरू करेगी। आप नेता भगवंत मान 15 से 17 नवंबर तक उत्तराखंड का दौरा कर संकल्प यात्रा में शामिल होंगे। आप का कहना है कि संकल्प यात्रा से प्रदेश में सियासी माहौल बदलेगा।

ऊधमसिंह नगर जिले से शुरू करेंगे किसान संकल्प यात्रा
आप प्रवक्ता संजय भट्ट ने बताया कि 15 से 17 नवंबर तक तीन दिवसीय दौरे पर आप नेता सांसद भगवंत मान उत्तराखंड आ रहे हैं। ऊधमसिंह नगर जिले से किसान संकल्प यात्रा शुरू करेंगे। यह यात्रा कई विधानसभाओं तक जाएगी। इसके लिए आप ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।

उन्होंने कहा कि बीते एक साल से देश के किसान तीनों कृषि कानूनों के खिलाफ दिल्ली बॉर्डर पर बैठे हैं, लेकिन केंद्र की किसान विरोधी सरकार ने अभी तक तीन काले कानून वापस नहीं लिए हैं। प्रदेश में अब चुनाव के लिए कम समय बचा हुआ है और आप पार्टी चुनाव लड़ने के लिए पूरी तरह तैयार है। इसी के मद्देनजर दिल्ली सरकार के कई मंत्री और पार्टी के अन्य बड़े नेता भी इसी माह उत्तराखंड का दौरा करेंगे।

उन्होंने कहा कि किसानों के हक की लड़ाई में आप पार्टी पूरी तरह से किसानों के साथ खड़ी है। नवंबर में निकलने वाली आप पार्टी की किसान संकल्प यात्रा उत्तराखंड की लगभग 35 किसान बाहुल्य विधानसभा सीटों में जाएगी। किसानों को नजरअंदाज करना केंद्र व प्रदेश सरकार को भारी पड़ेगा।

वहीं आम आदमी पार्टी के मुख्यमंत्री प्रत्याशी कर्नल अजय कोठियाल (रि.) ने गुरुवार को समर्थकों के साथ लैंसडौन विधानसभा क्षेत्र में तिरंगा यात्रा निकाली। इस अवसर पर कर्नल कोठियाल ने कहा कि भाजपा व कांग्रेस ने अपने 20 सालों के शासनकाल में जनता को छला है। उन्होंने कहा कि राज्य निर्माण के 20 सालों तक राज्य में कांग्रेस व भाजपा का शासन रहा, लेकिन लोग आज भी मूलभूत समस्याओें से जूझ रहे हैं।

गुरुवार को कर्नल अजय कोठियाल ने जयहरीखाल से तिरंगा यात्रा का शुभारंभ किया। उन्होंने स्थानीय लोगों से मुलाकात कर आप पार्टी की कार्यप्रणाली से अवगत कराया। लैंसडौन में तिरंगा यात्रा के दौरान कर्नल अजय कोठियाल ने नगर में कुछ इलाकों का भ्रमण कर लोगों के साथ जनसंपर्क किया।

निकटवर्ती ग्रामीण इलाकों की महिलाएं भी तिरंगा यात्रा में शामिल हुई। कर्नल कोठियाल ने युवाओं के सैल्यूट का जवाब सैल्यूट देकर ही दिया। तिरंगा यात्रा जयहरीखाल, लैंसडौन, चुंडई, सिसल्डी होते हुए रिखणीखाल में संपन्न हुई। इस अवसर पर आप के राष्ट्रीय प्रचारक शहनाज हिंदुस्तानी, प्रदेश उपाध्यक्ष किरण शर्मा नौंगाईं, लैंसडौन विधानसभा क्षेत्र के प्रभारी नरेंद्र गिरी, नगर अध्यक्ष संदीप अग्रवाल आदि मौजूद रहे।