उत्तराखंड में कांग्रेस का गांव-गांव कांग्रेस अभियान आज से हुआ शुरू, शामिल हुए ये वरिष्ठ नेता

इस खबर को शेयर करें

रुद्रप्रयाग। आगामी विस चुनाव को लेकर जनजागरण अभियान के तहत कांग्रेस पार्टी का शुक्रवार से गांव-गांव कांग्रेस अभियान शुरू हो रहा है। इस अभियान में पार्टी के वरिष्ठ नेता व पदाधिकारी शामिल होंगे।

विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करेगी कांग्रेस
कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता व विधायक मनोज रावत ने बताया कि 12 से 15 नवंबर तक गांव-गांव कांग्रेस के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करेगी। इसके तहत 13 नवंबर को प्रत्येक न्याय पंचायतों में सांस्कृतिक कार्यक्रम व वरिष्ठ नेताओं द्वारा रात्रि विश्राम किया जाएगा। प्रदेश के सभी 13 जनपदों में आयोजित कार्यक्रमों में प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश प्रभारी सहित अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी व नेता शामिल होंगे।

गांवों में जाकर रात्रि विश्राम करेंगे नेता
हरिद्वार में कांग्रेस के जिला मीडिया को-ऑर्डिनेटर अमन गर्ग ने प्रेस बयान में बताया कि गांव-गांव कांग्रेस अभियान का दूसरा चरण 12 नवंबर से शुरू हो रहा है, जिसमें अनेक कार्यक्रम होंगे और बड़े नेता गांवों में जाकर रात्रि विश्राम करेंगे। वे लोगों की समस्याएं सुनकर उनका निस्तारण भी करेंगे।

देहरादून के राजेंद्र नगर में 13 नवंबर को होगा कांग्रेस का विशेष कार्यक्रम
कैंट विधानसभा क्षेत्र के राजेंद्र नगर में 13 नवंबर को कांग्रेस पार्टी का विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री नवीन जोशी और अखिल भारतीय पंचायत परिषद के प्रदेश संयोजक मनीष कुमार ने राजेंद्र नगर में संयुक्त प्रेसवार्ता में यह जानकारी दी।

जोशी ने बताया कि कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह और राष्ट्रीय नेता प्रकाश जोशी आदि भी उपस्थित रहेंगे। जोशी ने कहा कि मेरा बूथ मेरा गौरव अभियान की शुरुआत यहां कैंट विधानसभा क्षेत्र में की जा रही है। पूरी विधानसभा क्षेत्र में इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कांग्रेस पार्टी भाजपा की जनविरोधी नीतियों और दोगले चेहरे को जनता के सामने रखेगी।