ब्रेकअप की वजह से अक्सर इंसान पूरी तरह टूट जाते हैं, लोगों को समझ ही नहीं आता कि इस दर्द से किस तरह बाहर निकला जाए. ऐसे में लोग सुकून की तलाश में क्या कुछ नहीं करते, लेकिन क्या इस दर्द से बाहर आने के लिए कोई अपनी करोड़ों रुपये की सैलरी वाली ड्रीम जॉब भी छोड़ सकता है? सुनने में बेशक ये बात अजीब लग सकती है, लेकिन 27 साल की एक इंजीनियर ने ब्रेकअप की वजह से ही Google में अपनी करोड़ो रुपये वाली नौकरी से इस्तीफा दे दिया. चलिए जानते हैं क्या है ये पूरा मामला.
ब्रेकअप की वजह से हुआ अहसास
जिम टैंग (Jim Tang) नाम के एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने हाल ही में बिजनेस इनसाइडर के साथ एक बातचीत में बताया कि उन्होंने क्यों और कैसे Google से नौकरी छोड़ने का फैसला किया. टैंग का कहना है कि उन्होंने यह फैसला तब लिया जब उनका ब्रेकअप हो गया और वह अपने कॉरपोरेट करियर में आ रही निराशा से बहुत परेशान हो चुके थे. उनके इस फैसले के साथ ही उन्होंने अपनी 3 लाख डॉलर यानी करीब 2.52 करोड़ रुपये की सालाना सैलरी भी छोड़ दी.
टैंग की थी ये प्लानिंग
इस नौकरी के साथ ही टैंग का वो लक्ष्य भी छूट गया जो उन्होंने लंबे वक्त से बनाया हुआ था. वह चाहते थे कि वो जल्दी रिटायर होकर अपनी जिंदगी बिताएं. बता दें कि टैंग 2021 से Google का हिस्सा थे. शुरुआत में वह मानते थे कि गूगल में नौकरी करने से उनका परिवार भी उन पर बहुत गर्व करेगा. लेकिन कुछ ही वक्त बाद उन्हें इस बात का भी अहसास होने लगा कि बेहतरीन सैलरी और कंपनी की शानदार सुविधाएं होने के बावजूद उन्हें इस काम से व्यक्तिगत संतुष्टि नहीं मिल पा रही है.
रिटायर होना चाहते थे टैंग
टैंग की अपनी लाइफ को लेकर बड़ी प्लानिंग थीं और गूगल में नौकरी भी उनकी इसी प्लानिंग का हिस्सा थी, इसके तहत वह Fire (Financial Independence, Retire Early) थ्योरी को अपनाते हुए 40 साल की उम्र में ही आर्थिक तौर पर मजबूत होकर जल्दी रिटायरमेंट लेना चाहते थे. टैंग का कहना है, ‘मुझे आज भी वो दिन याद है जब मैं पहली बार अपने पेरेंट्स को ऑफिस लेकर गया था. उस दिन ऐसा लगा था कि हमने अपना ‘अमेरिकी ड्रीम’ हासिल कर लिया है.’
ब्रेकअप के बाद फिर किया विचार
दूसरी ओर ब्रेकअप की वजह से टैंग दोबारा अपने करियर और जिंदगी के बारे में सोचने पर मजबूर हो गए. मई, 2025 में उन्होंने ऑफिस से लीव ऑफ एब्सेंस ली. इस दौरान उन्होंने अपने प्रोफेशनल गोल्स और अपने बारे में गहराई से सोचा, जिसके बाद उन्हें अहसास हुआ कि उन्हें एक संतोषजनक जिंदगी चाहिए, ऐसी लाइफ जिसमें सिर्फ काम और फ्यूचर रिटायरमेंट की प्लानिंग ही न हो.
पैसों के नहीं थे मायने
टैंग का कहना है, ‘भले ही मेरे पास सुविधाएं थीं और मैं प्रतिभाशाली लोगों के साथ काम कर रहा था, लेकिन मुझे कभी भी कॉरपोरेट काम का शौक नहीं चढ़ा. गूगल में B2B ऐड प्रोडक्ट्स पर काम करते हुए मैं बहुत सारा पैसा कमा करा था, लेकिन मेरे लिए इसके कुछ खास मायने नहीं थे.’
टैंग को मिली नई राह
गूगल से नौकरी छोड़ने के बाद अब टैंग डिजिटल नोमैड के तौर पर काम करने लगे हैं. उन्होंने अपने इस नए सफर की शुरुआत टोक्यो से की, जहां उन्होंने अपने एक कारोबारी और क्रिएटर के तौर पर डॉक्युमेंट करना शुरू कर दिया. फिलहाल वह अपने डिजिटल प्रोडक्ट्स बनाने पर फोकस कर रहे हैं. अपने इस सफर में टैंग खुश हैं.