मुजफ्फरपुरः बिहार के मुजफ्फरपुर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां पंजाब की एक युवती ने शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने के आरोप में एक युवक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है. यह पूरा मामला अहियापुर थाना क्षेत्र के दादर कोल्हुआ गांव का है. युवती का आरोप है कि आरोपी युवक रोहित कुमार ने शादी का वादा कर पहले उसे अपने प्यार के जाल में फंसाया, फिर उसका शोषण कर फरार हो गया.
जानकारी के मुताबिक, रोहित कुमार पंजाब के जीरमपुर स्थित एक निजी कंपनी में काम करता था. वहीं उसकी मुलाकात इस युवती से हुई. रोज़-रोज़ के मिलने-जुलने के दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और प्यार परवान चढ़ा. कुछ महीनों बाद रोहित ने युवती से शादी का प्रस्ताव रखा और भरोसा दिलाया कि वह जल्द ही शादी करेगा. युवती के अनुसार, वह पूरी तरह से उसके झांसे में आ गई. दोनों ने पंजाब में एक किराये के मकान में साथ रहना शुरू कर दिया और करीब एक साल तक पति-पत्नी की तरह रहे. इस दौरान रोहित ने उसे हर बार शादी का भरोसा दिया. मगर एक दिन उसने कहा कि उसे “जमीन से जुड़ा एक जरूरी काम” निपटाने के लिए अपने गांव मुजफ्फरपुर जाना है और जल्द लौट आएगा.
घर मिलने पहुंची थी युवती
लेकिन इसके बाद वह कभी वापस नहीं आया. युवती ने कई बार फोन करने की कोशिश की, मगर उसका मोबाइल बंद मिलने लगा. कुछ समय तक इंतजार करने के बाद जब कोई जवाब नहीं मिला, तो युवती ने खुद बिहार आने का फैसला किया. करीब 1500 किलोमीटर की दूरी तय कर वह सीधे रोहित के गांव दादर कोल्हुआ पहुंची. वहां पहुंचने पर न सिर्फ युवक ने उससे मिलने से इनकार किया, बल्कि युवती का आरोप है कि परिजनों ने उसके साथ मारपीट कर भगा दिया.
पुलिस कर रही तलाश
इसके बाद पीड़िता ने अहियापुर थाने में मामला दर्ज कराया. थाना प्रभारी रोहन कुमार ने बताया कि युवती की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है और जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस युवक और उसके परिवार से पूछताछ कर रही है, साथ ही युवती के बयान और साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जा रही है. स्थानीय लोगों के मुताबिक, आरोपी युवक पिछले कई दिनों से घर पर नहीं दिखा है. पुलिस ने उसकी तलाश के लिए टीम गठित कर दी है.