“भगवान को सबक सिखाना है!” परमात्मा से नाराज चोर ने मंदिरों को बनाया अपना निशाना, फिर…

Durg Unique Thief: अब तक आपने चोरी की कई किस्से कहानियां सुनी होंगी लेकिन दुर्ग का ये मामला आपको बिल्कुल हैरान कर देगा. दुर्ग पुलिस ने एक ऐसे शातिर चोर को गिरफ्तार किया है जिसकी कहानी किसी को भी चौंका देगी. दरअसल ये चोर भगवान से बदला लेने के लिए उनके दरबार में चोरी करता था. हैरानी की बात ये है कि चोर HIV पॉजिटिव है.

दुर्ग में गिरफ्त हुआ अनोखा चोर
दुर्ग पुलिस ने यशवंत उपाध्याय नाम के अचरंगी चोर को गिरफ्तार किया है. यशवंत दुर्ग के वैशाली नगर का रहने वाला है. पिछले कुछ सालों से एचआईवी जैसी गंभीर लाइलाज बीमारी से लड़ रहा है. इलाज कराते कराते कराते उसका भगवान पर से भरोसा उठ गया और उसने तय किया कि अब वह भगवान से इसका बदला जरूर लेगा और जिले के तमाम मंदिरों को वह निशाना बनाने लगा.

ऐसे करता था चोरी
यशवंत, जिले के हर मंदिरों की पहले रेकी करता फिर कपड़े बदलकर अपनी दुपहिया वाहन की मदद से मंदिर तक पहुंचता और बाकायदा ताला तोड़कर मंदिरों की दान पेटी से दान के रुपए उड़ाकर रफू चक्कर हो जाता. इस दौरान दुर्ग जिले के कई थानों में मन्दिरों में हो रही लगातार चोरी की शिकायतें भी दर्ज हो रही थी. जिसके बाद दुर्ग पुलिस ने टास्क टीम बनाई और तमाम थानों के लगभग 800 सीसीटीवी कैमरों को खंगाला.

ऐसे खुली चोरी की पोल
सीसीटीवी फुटेज में यशवंत चोरी करता हुआ दिखाई दिया. पुलिस ने यशवंत उपाध्याय को हिरासत में लिया और उससे पूछताछ की. पूछताछ में उसने बताया कि वह एचआईवी से पीड़ित है और मंदिरों से चोरी किए जाने वाले पैसो से वह अपना इलाज कर परिवार का भरण पोषण कर रहा था. एचआईवी पीड़ित होने के कारण वह भगवान से भी नाराज था इसलिए वह सिर्फ मंदिरों की दान पेटी को ही टारगेट बनाता था. पुलिस ने यशवंत उपाध्याय को गिरफ्तार कर उसे जेल भेजने की तैयारी कर रही है.