‘बिजनेस ट्रिप’ का बहाना बनाकर प्रेमिका के साथ थाईलैंड गया था पति, बाढ़ में फंसा तो खुली पोल

डिजिटल डेस्क। मलेशिया का एक शख्स अपनी चार महीने की गर्भवती पत्नी को धोखा देकर थाईलैंड के हात याई शहर में अपनी प्रेमिका के साथ चार दिन से छुट्टियां मना रहा था। उसने घर पर यह कहकर झूठ बोला था कि वह ऑफिस के सहकर्मियों के साथ ‘बिजनेस ट्रिप’ पर जा रहा है। पति का यह बड़ा राज तब खुला, जब दक्षिण थाईलैंड में आई भयानक बाढ़ के कारण वह लापता हो गया।

गर्भवती पत्नी ने सोशल मीडिया पर मांगी मदद
शख्स की पत्नी, जो उनका चौथा बच्चा पेट में पाल रही है, जब पति से संपर्क नहीं कर पाई तो वह बुरी तरह परेशान हो गई। उसने सोशल मीडिया पर मदद मांगते हुए कहा कि उसका पति हात याई के एक होटल में सहकर्मियों के साथ बाढ़ में फंसा है। यह मामला इतना हैरान कर देने वाला है कि पूरा मलेशिया और थाईलैंड इस पर बात कर रहा है।

होटल पहुंचने पर उठा राज से पर्दा
परेशान पत्नी ने मलेशिया की एक महिला से मदद मांगी, जो उस वक्त हात याई में बाढ़ की लाइव अपडेट दे रही थीं। उस महिला ने अपने रिश्तेदारों को उस होटल में जाकर पति को ढूंढने और मदद करने के लिए भेजा।

जब रिश्तेदार होटल पहुंचे, तो वे यह देखकर दंग रह गए कि वहां कोई सहकर्मी नहीं थे। शख्स एक अकेली औरत के साथ कमरे में रह रहा था – यानी उसकी प्रेमिका के साथ। महिला ने बाद में सोशल मीडिया पोस्ट में खुलासा किया कि उन्होंने फिलहाल पत्नी को सच नहीं बताया है, क्योंकि वह गर्भवती है और इतना बड़ा सदमा उसके और बच्चे के लिए खतरनाक हो सकता है।

पोस्ट में चेतावनी देते हुए लिखा गया, “मैं ये कहानी इसलिए शेयर कर रही हूं ताकि बाकी पत्नियां अपने पतियों पर आंख मूंदकर भरोसा न करें।” खुलासा हुआ कि पति रोज पत्नी से बात कर रहा था और फोटो भेज रहा था, जिससे पत्नी को जरा भी शक नहीं हुआ था। अब सोशल मीडिया पर कई लोग मांग कर रहे हैं कि पत्नी को सच पता चलना चाहिए।

थाईलैंड में बाढ़ से हाहाकार
ज्ञात हो कि इन दिनों दक्षिण थाईलैंड में भयंकर बाढ़ आई हुई है, जिससे देश के 12 प्रांत अस्त-व्यस्त हैं। बाढ़ में अब तक 185 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है और 30 लाख से अधिक लोग प्रभावित हैं। हात याई शहर इस आपदा में सबसे ज्यादा तबाह हुआ है।