UP में दर्दनाक हादसा: माता-पिता के बीच सो रहे नवजात की दम घुटने से मौत, मासूम की हालत देख मां बेहोश

अमरोहा : अमरोहा के एक गांव से रविवार रात एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई, जिसने हर किसी का दिल दहलाकर रख दिया। गजरौला क्षेत्र के रहने वाले एक किसान परिवार में 23 दिन पहले बेटे का जन्म हुआ था। रोज की तरह रविवार रात दंपति अपने शिशु के साथ सो रहे थे। बच्चा पति-पत्नी के बीच लेटाया गया था।

रात के किसी समय मासूम नवजात माता-पिता के बीच दब गया, जिससे उसका दम घुट गया। लगभग 11 बजे मां की नींद खुली तो उसने देखा कि बच्चा बिल्कुल भी हिल-डुल नहीं रहा है। घबराई हुई मां ने तुरंत पास में सो रहे अपने पति को उठाया। दोनों ने बच्चे को हिलाकर देखा, लेकिन उसमें कोई हरकत नहीं मिली।

डरे-सहमे माता-पिता तुरंत बच्चे को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। वहां चिकित्साधीक्षक डॉ. योगेंद्र सिंह ने जांच के बाद शिशु को मृत घोषित कर दिया। इस विनाशकारी घटना की खबर सुनते ही मां बेहोश हो गई और पिता भी सदमे में आ गए। परिवार के अन्य लोग दंपति को सांत्वना देकर घर ले गए। स्वजनों ने घटना संबंधी कोई जानकारी बाहर साझा नहीं की।