ग्राहक भगवान है या जल्लाद? घंटों मेहनत के बाद कस्टमर के पैरों में गिरकर क्यों रोई महिला दुकानदार, देखें वीडियो

कहते हैं ग्राहक भगवान का रुप होते हैं, लेकिन क्या हर बार यह कहावत सच साबित होती है? सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा एक वीडियो इसी सवाल को जन्म दे रहा है. वीडियो में एक महिला दुकानदार ग्राहक के सामने पैरों में गिरकर रोती नजर आती है. वजह सिर्फ इतना है कि उसने घंटों मेहनत की, दुकान का हर कोना खंगाला, हर रंग और हर डिजाइन दिखाया, लेकिन अंत में ग्राहक बिना कुछ खरीदे चला गया. यह दृश्य सिर्फ एक दुकान का नहीं, बल्कि उन हजारों छोटे दुकानदारों की कहानी है, जिनकी रोज़ी-रोटी ग्राहकों की एक हां या ना पर टिकी होती है.

घंटों की मेहनत, लेकिन खाली हाथ लौटा ग्राहक
वीडियो में देखा जा सकता है कि महिला दुकानदार ने पूरे मन से ग्राहक को सामान दिखाया. कभी अलमारी से कपड़े निकालती दिखी, तो कभी रंग और डिजाइन समझाती रही. हर सवाल का जवाब दिया, हर पसंद का ध्यान रखा. घंटों तक चली इस प्रक्रिया के बाद जब ग्राहक ने अचानक कहा कि “कुछ नहीं लेना”, तो महिला का सब्र टूट गया. उसकी आंखों में आंसू थे और चेहरे पर थकान. यह सिर्फ सामान न बिकने का दुख नहीं था, बल्कि उस मेहनत का दर्द था, जो बिना किसी कीमत के मिट्टी में मिल गई.

पैरों में गिरकर रोई दुकानदार महिला
ग्राहक के जाने से पहले महिला दुकानदार भावनाओं पर काबू नहीं रख पाई और उसके पैरों में गिरकर रोने लगी. यह दृश्य देखकर हर कोई भावुक हो गया. वह सामान बेचने की भीख नहीं मांग रही थी, बल्कि अपनी मेहनत का मोल मांग रही थी. छोटे दुकानदारों के लिए हर ग्राहक उम्मीद लेकर आता है. जब उम्मीद इस तरह टूटती है, तो आत्मसम्मान भी डगमगा जाता है. वीडियो में महिला की हालत यह साफ दिखाती है कि लगातार अनदेखी और बेरुखी इंसान को अंदर से तोड़ देती है.

सोशल मीडिया पर वीडियो हुआ वायरल
वायरल इस वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॅार्म एक्स पर @KUNDAN00PATEL नाम के अकाउंट से पोस्ट किया गया और कैप्शन में लिखा, दुकानदार का टूटा सब्र,और ग्राहक की बेरुखी, ‘कहते हैं कि ग्राहक भगवान होता है,लेकिन क्या, भगवान इतना निष्ठुर हो सकते हैं.’ वीडियो वायरल होते ही सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई. कुछ लोग ग्राहक के व्यवहार को संवेदनहीन बता रहे हैं, तो कुछ कह रहे हैं कि ग्राहक पर खरीदने की मजबूरी नहीं होती. लेकिन ज्यादातर यूजर्स महिला दुकानदार के दर्द से खुद को जोड़ते दिखे. लोगों ने लिखा कि अगर कुछ लेना नहीं है, तो घंटों दुकानदार को परेशान नहीं करना चाहिए. यह वीडियो एक सवाल छोड़ जाता है.