बेटे ने मर चुकी मां का रूप धारणकर सालों तक ली पेंशन, काले बालों ने बिगाड़ दिया सारा खेल

Italy pension Fraud: इटली से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने पूरे देश में सनसनी फैला दी है. CNN की रिपोर्ट के अनुसार, उत्तरी इटली में रहने वाले 57 साल के व्यक्ति ने अपनी मां की 2022 में हुई मौत छिपाकर उनकी पेंशन लेना जारी रखा. वह खुद को अपनी मां Graziella Dall’Oglio के रूप में पेश करता था और इसी दौरान पकड़ा गया है.

विग और मेकअप लगाकर बना ‘बूढ़ी मां’
यह पूरा मामला तब खुला जब आरोपी अपनी मां के नाम पर आईडी कार्ड रिन्यू कराने पहुंचा. इटली में आईडी रिन्यू कराने के लिए व्यक्ति का खुद उपस्थित होना जरूरी होता है. आरोपी ने अपने ऊपर मेकअप लगाया, विग पहनी और अपनी 2022 में मरी हुई 82 वर्षीय मां के कपड़े पहनकर दफ्तर पहुंच गया. लेकिन अधिकारी को उसकी गर्दन, हाथ और ठुड्डी पर उगे काले बालों से शक हो गया. तभी उसने पुलिस को इसकी सूचना दे दी.

सीसीटीवी में हुआ खुलासा
जैसे ही शक बढ़ा, अधिकारियों ने आरोपी को दोबारा आने को कहा. सीसीटीवी फुटेज की जांच में पता चला कि जिस ‘महिला’ के नाम पर आईडी रिन्यू हो रहा था, उसे ऑफिस लाने वाली कार खुद वही व्यक्ति चला रहा था. जबकि उसकी मां के पास कभी ड्राइविंग लाइसेंस था ही नहीं. पुलिस वहीं पहुंच गई और आरोपी को पकड़ लिया.

घर से मिला मां का शव
जब पुलिस आरोपी के घर पहुंची तो वहां और भी बड़ा खुलासा हुआ. उसकी मां का शव घर के लॉन्ड्री रूम में अलमारी के अंदर मिला, जिसे स्लीपिंग बैग में लपेटकर रखा गया था. बताया जा रहा है कि वह शरीर को सड़ने से रोकने के लिए सिरिंज से फ्लूड निकालता रहा था. पुलिस ने शक जताया है कि मां की मौत कैसे हुई, यह साफ नहीं है. इसलिए पोस्टमॉर्टम का आदेश दिया गया है.

कई गंभीर आरोपों में केस दर्ज
आरोपी पर कई धाराओं में केस दर्ज हुआ है. जिसमें शव छुपाने का आरोप है. सरकारी पेंशन धोखाधड़ी का आरोप है. फर्जीवाड़ा करने का आरोप है. किसी मृत व्यक्ति का रूप धारण कर दस्तावेज बनवाने का आरोप है. मामला सामने आने के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया है और पुलिस आगे की जांच कर रही है.

इटली में पेंशन फ्रॉड आम समस्या
CNN की रिपोर्ट के मुताबिक, इटली में इस तरह के मामले हर साल दर्ज होते हैं. कई लोग मृत रिश्तेदारों का रूप बनकर पेंशन लेते पकड़े जाते हैं. सरकारी रिकॉर्ड और डेथ रजिस्ट्रेशन में देरी होने के कारण इस तरह की धोखाधड़ी लंबे समय तक पकड़ी नहीं जाती.