फिरोजाबाद। शादी में मिले सामान की गुणवत्ता से नाराज पति और ससुरालवालों ने 21 वें दिन ही विवाहिता को पिटाई कर घर से निकाल दिया। विवाहिता मायके आ गई तो पति ने धोखे से अश्लील वीडियो बना लिया।
इसके बाद दहेज का सामान न बदलवाने पर अश्लील वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित करने की धमकी दी। कोर्ट के आदेश पर थाना दक्षिण पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर जांच कर रही है।
यह है पूरा मामला
पीड़िता ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया है कि उसकी शादी 28 मई 2025 को विपिन कुमार निवासी एमपी रोड, सेंट्रल बैंक के पीछे थाना टूंडला के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही पति विपिन कुमार, ससुर सुरेंद्र कुमार, सास अनुपमा व देवर मोनू आए दिन दहेज में लोकल कंपनी का सामान देने की बात कहकर प्रताड़ित करते थे।
आरोपिताें ने विवाहिता की शादी में मिले सामान तोड़ दिए। इसके बाद 18 जून को पीड़िता को घर से निकाल दिया। वह शहर के मुहल्ले में स्थित मायके में आकर रहने लगी।
पीड़िता का आरोप है कि कुछ बाद पति ने वाट्स अप काल कर कपड़े उतारने के लिए कहा। मना करने पर तलाक की धमकी दी। इससे डरी पीड़िता ने एक दिन नहाते समय पति विपिन के पास वीडियो काल कर ली। इस दौरान पति ने धोखे से अश्लील वीडियो बना ली।
इसके बाद धमकाने लगा कि अपने पिता से कहकर से शादी का सारा सामान नहीं बदलवाया तो अश्लील फोटो वह वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर देगा। पति ने अश्लील वीडियो रिश्तेदारों के पास भेजकर ब्लैकमेल करने लगा। उसने मायके वालों से कहा कि सामान खरीदने के लिए दो लाख रुपये दो। अन्यथा इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर देगा।
इसके बाद पीड़िता ने मामले की शिकायत एसएसपी समेत अन्य अधिकारियों को मेल के जरिए की। लेकिन सुनवाई नहीं हुई। तब कोर्ट में प्रार्थना पत्र दिया। इंस्पेक्टर योगेंद्र पाल सिंह ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।