गजब प्रेमी है! प्रेमिका ने शादी से किया इनकार, तो उसका बच्चा ही लेकर भागा

कानपुर: जिले के सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने विक्रमशिला एक्सप्रेस में छापेमारी कर अपहरण के एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. आरोपी के पास से एक साल का मासूम बच्चा सकुशल बरामद किया गया. इस गिरफ्तारी के साथ ही दिल्ली में दर्ज अपहरण की गुत्थी सुलझ गई. पुलिस के मुताबिक, आरोपी बिहार का रहने वाला हेमंत कुमार है. वह दिल्ली में रहने वाली एक शादीशुदा युवती से प्रेम करता था. शुक्रवार को वह बिहार से दिल्ली पहुंचा और युवती से मिलने गया.

बातचीत के दौरान उसने युवती से बिहार चलने को कहा, लेकिन युवती ने साफ इनकार कर दिया. इसी इनकार से नाराज होकर हेमंत ने खतरनाक कदम उठाया और युवती के एक साल के बच्चे को खिलौना दिलाने के बहाने लेकर वहां से फरार हो गया. बच्चे के अचानक गायब होने पर युवती के पैरों तले जमीन खिसक गई. उसने तुरंत दिल्ली में हेमंत के खिलाफ अपहरण की एफआईआर दर्ज कराई. इसके बाद दिल्ली पुलिस हरकत में आई और मामले की जांच शुरू की.

सीसीटीवी और मोबाइल लोकेशन से खुला राज

दिल्ली पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और आरोपी के मोबाइल की लोकेशन ट्रेस की. जांच में पता चला कि आरोपी ट्रेन से बिहार की ओर जा रहा है. इस सूचना के बाद दिल्ली पुलिस ने कानपुर रेलवे स्टेशन पर अलर्ट जारी किया. सूचना मिलते ही जीआरपी और आरपीएफ की टीमें सक्रिय हो गईं और विक्रमशिला एक्सप्रेस में सघन जांच शुरू कर दी गई.

सतर्कता से बची मासूम की जान
आरपीएफ प्रभारी एसएन पाटीदार ने बताया कि दिल्ली पुलिस की सूचना के आधार पर ट्रेन में सवार यात्रियों की जांच की गई. आरोपी का हुलिया और फोटो पहले से साझा किया गया था. उसी आधार पर बिहार निवासी हेमंत कुमार को बच्चे के साथ हिरासत में लिया गया. पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया. आरपीएफ प्रभारी एसएन पाटीदार ने बताया कि बच्चे की सकुशल बरामदगी की सूचना तुरंत दिल्ली पुलिस और परिजनों को दी गई.

मां को मिला बच्चा, आरोपी दिल्ली रवाना
शनिवार सुबह दिल्ली पुलिस और बच्चे के परिजन कानपुर पहुंचे, जिसके बाद बच्चे को उसकी मां के सुपुर्द कर दिया गया. बच्चे को गोद में पाकर मां की आंखों में आंसू और चेहरे पर सुकून साफ दिखाई दिया. वहीं आरोपी हेमंत को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए दिल्ली पुलिस अपने साथ ले गई. इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर साबित कर दिया कि थोड़ी सी सतर्कता और समय पर कार्रवाई से बड़ी अनहोनी टल सकती है.