काठमांडू। नेपाल में सोशल मीडिया बैन और भ्रष्टाचार के खिलाफ छिड़े हिंसक प्रदर्शन का फायदा उठाकर 13,500 से ज्यादा कैदी भाग निकले। जबकि हिरासत में लिए गए 560 आरोपी भी फरार हो गए।
इसके अलावा पश्चिमी नेपाल की एक जेल में सुरक्षाकर्मियों और कैदियों के बीच झड़प हो गई। इसमें पुलिस की गोलीबारी से पांच नाबालिग कैदियों की मौत हो गई और चार गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस ने बताया कि एक सुधार गृह में कैदियों ने सुरक्षाकर्मियों के हथियार छीनने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस को गोली चलानी पड़ी। इस प्रदर्शन में अबतक 1000 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं और 30 मारे जा चुके हैं।
वहीं, लोकल मीडिया में दावा किया गया है कि देश की पहली महिला मुख्य न्यायाधीश सुशीला कार्की नेपाल की अंतरिम प्रधानमंत्री बन सकती हैं। इन्हें Gen-Z का समर्थन मिला है।
प्रदर्शनकारियों में एक नाम पर सहमति नहीं
नेपाल में नई सरकार के नेतृत्व को लेकर मतभेद गहराते जा रहे हैं। सेना ने गुरुवार सुबह प्रदर्शनकारियों अपील की कि वे आपसी सहमति से आगे बढ़ें। सेना अधिकारियों ने सेना मुख्यालय के बाहर लाउडस्पीकर से घोषणा करते हुए कहा कि हर समूह अपने-अपने संभावित नेताओं के नाम और संपर्क नंबर सुबह तक उपलब्ध कराए, ताकि बातचीत आगे बढ़ सके।
दरअसल, बुधवार को प्रदर्शनकारियों के प्रतिनिधियों ने पूर्व मुख्य न्यायाधीश सुशीला कार्की को अंतरिम सरकार का नेतृत्व सौंपने का प्रस्ताव रखा था। लेकिन बाहर एकत्र भीड़ ने इसका विरोध किया और उनके खिलाफ नारे लगाए। कुछ प्रदर्शनकारियों ने काठमांडू के मेयर बालेन शाह और अन्य युवा चेहरों का नाम आगे बढ़ाया।
गेट पर जमा प्रदर्शनकारियों के बीच से अलग-अलग राय और असहमति साफ दिखाई दी। सेना का कहना है कि इस असंतोष को दूर करने के लिए सभी पक्षों को अपने-अपने पसंदीदा नेताओं के नाम स्पष्ट रूप से देने चाहिए, ताकि आगे की चर्चा सुगम हो सके और संकट का हल निकाला जा सके।
नेपाल में छतरपुर के 14 लोग फंसे, कहा- तोड़फोड़ हो रही
नेपाल में हो रही हिंसा और विरोध प्रदर्शनों के बीच हजारों भारतीयों की तरह एमपी के छतरपुर जिले के भी चार परिवार काठमांडू में फंसे हुए हैं। इन परिवारों में बच्चों सहित कुल 14 लोग हैं, जो सुरक्षित वतन वापसी के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से गुहार लगा रहे हैं।
हिंसा के दौरान आगजनी, तोडफ़ोड़ और कई लोगों की मौत की खबरें सामने आ रही हैं। छतरपुर के गल्ला मंडी निवासी व्यापारी पप्पू मातेले, ट्रांसपोर्ट कारोबारी निर्देश अग्रवाल, गुड्डू अग्रवाल और एक कुशवाहा परिवार नेपाल घूमने गए थे। ये सभी लोग इस समय काठमांडू के एक होटल में फंसे हुए हैं।