Iranian Warship IRIS Dena sunk by US: हिंद महासागर में अब भी ईरानी फ्रिगेट खड़ा होता या फिर सुरक्षित ईरानी जलक्षेत्र में होता. आज उस ईरानी जहाज आईआरआईएस डेना में सवार सभी लोग जिंदा होते. जी हां, ईरान का आईआरआईएस डेना (IRIS Dena) आज भी अमेरिकी अटैक से सुरक्षित होता. अमेरिका का टॉरपीडो उसका बाल भी बांका नहीं कर पाता. किसी की जान भी नहीं जाती. बस ईरान केवल भारत की एक बात मान लेता. दरअसल, ईरानी फ्रिगेट को लेकर बड़ा खुलासा है. अमेरिकी सबमरीन के अटैक से पहले ही भारत ने ईरानी जहाज को पनाह देने की पेशकश की थी. भारत ने कहा था कि अभी जहाज मत ले जाओ. युद्ध जैसे हालात हैं. अभी जाना सही नहीं होगा. मगर किसे पता था कि ईरानी आईआरआईएस डेना जब अपने घर लौट रहा होगा तो अमेरिकी सबमरीन अपने टॉरपीडो से अटैक कर उसे डुबो देगा.
इंडियन एक्सप्रेस की खबर के मुताबिक, श्रीलंका के पास अमेरिकी सबमरीन ने ईरानी फ्रिगेट आईआरआईएस डेना (IRIS Dena) को डुबोया था. मगर उससे ठीक पहले ही भारत ने उसे अपने एक पोर्ट पर पनाह देने की पेशकश की थी. बताया गया कि अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव को देखते हुए भारत की ओर से सेफ हार्बर का ऑफर दिया गया था. अमेरिका और ईरान के बीच दुश्मनी 28 फरवरी को शुरू हुई, जब इजरायल और अमेरिका ने मिलकर ईरान पर एयर स्ट्राइक की और खामेनेई को मार डाला.
आईआरआईएस डेना पर कब अटैक हुआ था?
दरअसल, आईआरआईएस डेना भारत आया था. वह 25 फरवरी को खत्म हुए इंटरनेशनल फ्लीट रिव्यू (IFR) और MILAN-2026 एक्सरसाइज में हिस्सा लेने के बाद विशाखापत्तनम से निकला था. 4 मार्च की सुबह अमेरिका ने टॉरपीडो से अटैक कर उसे डुबो दिया. इंडियन नेवी के मुताबिक, वॉरशिप गाले से 20 नॉटिकल मील पश्चिम में ऑपरेट कर रहा था.
दूसरा जहाज अब भारत की पनाह में
सरकारी सूत्रों के मुताबिक, अब दूसरा ईरानी वॉरशिप आईआरआईएस (IRIS) लवन को 4 मार्च को ही कोच्चि पोर्ट पर डॉक किया गया. ठीक उसी दिन डेना पर टॉरपीडो से हमला हुआ था. सूत्रों ने बताया कि 28 फरवरी को ईरान ने भारत से लावन को अपने पास रखने की रिक्वेस्ट की थी, क्योंकि जहाज में टेक्निकल दिक्कतें आ गई थीं.
भारत ने मानी ईरान की बात
1 मार्च को इसकी डॉकिंग की मंजूरी मिली और लावन 4 मार्च को कोच्चि पहुंचा. सूत्रों ने बताया कि इसके 183 क्रू मेंबर्स को कोच्चि में नेवल फैसिलिटीज़ में ठहराया गया है. सरकारी सूत्रों ने कन्फर्म किया कि IRIS लवन 4 मार्च को कोच्चि पोर्ट पर डॉक हुआ था और तब से वहीं है. वहीं, श्रीलंका ने कहा कि उसने एक और ईरानी वॉरशिप IRIS बुशहर को अपने एक पोर्ट पर डॉक करने की इजाजत दी है.
श्रीलंका और भारत ने भेजी मदद
एक दिन पहले श्रीलंकाई नेवी ने IRIS डेना के लोकल टाइम के हिसाब से सुबह करीब 5.30 बजे डिस्ट्रेस कॉल जारी करने के बाद सर्च एंड रेस्क्यू (SAR) ऑपरेशन शुरू किया था.
श्रीलंका नेवी ने डूबे हुए फ्रिगेट से 32 लोगों को बचाया. ईरानी जहाज पर हुए अमेरिकी अटैक में 87 लोगों की जानें चली गईं.
श्रीलंकाई अधिकारियों के मुताबिक, जहाज़ पर मौजूद करीब 180 लोग थे. अब तक उनमें से लगभग 60 का शायद कोई पता नहीं है.
वहीं, इंडियन नेवी ने कहा कि INS इक्षक भी खोज की कोशिशों को बढ़ाने के लिए कोच्चि से रवाना हुआ और लापता लोगों की तलाश के लिए इलाके में बना हुआ है.
एयर-ड्रॉपेबल लाइफ राफ्ट वाला एक और एयरक्राफ्ट भी तुरंत तैनाती के लिए स्टैंडबाय पर रखा गया था.