बलूचिस्तान में खौफनाक हमलाः सेना कैंप में घुसाया विस्फोटकों से भरा ट्रक, 30 के उडे चिथडे

इस्लामाबाद: पाकिस्तान के बलूचिस्तान में अलगाववादी सशस्त्र संगठन बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी ने ग्वादर में पाकिस्तानी सुरक्षा बलों पर बड़ा हमला किया है। BLA ने एक बयान में ग्वादर में पाकिस्तान कोस्ट गार्ड्स के कैंप पर हुए हमले की जिम्मेदारी ली है। समूह ने कहा है कि यह आत्मघाती हमला था, जिसे उसके सदस्यों ने अंजाम दिया। BLA ने दावा किया कि पाकिस्तानी अर्धसैनिक बल के 30 से ज्यादा जवान मारे गए और कई घायल हुए हैं।

विस्फोटकों से भरा ट्रक कैंप में घुसा
BLA ने एक बयान में कहा कि विस्फोटकों से भरे एक वाहन ने जिवानी में पनवान कोस्ट गार्ड बेस को निशाना बनाया। संगठन ने इसे एक सुनियोजित ऑपरेशन के तहत किया गया फिदायीन हमला बताया है। बलूचिस्तान पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, यह ऑपरेशन शुक्रवार शाम को BLA की खास मजीद ब्रिगेड ने अंजाम दिया। यह ब्रिगेड आत्मघाती हमलों के लिए जानी जाती है।

हमले में पाकिस्तानी कोस्ट गार्ड का कैंप तबाह
समूह के बयान के अनुसार, अताउल्लाह बलूच उर्फ अजमल नाम के एक आत्मघाती हमलावर ने शाम करीब साढ़े 6 बजे विस्फोटकों से लदे मज्दा ट्रक को कोस्ट गार्ड के कैंप में घुसा दिया और जबरदस्त धमाका किया। BLA के प्रवक्ता जियांद बलूच ने कहा, इस जबरदस्त धमाके के कारण कोस्ट गार्ड का कैंप मलबे के ढेर में बदल गया।

समूह ने जारी किया धमाके का वीडियो
BLA के मीडिया विंग हक्काल ने एक वीडियो क्लिप जारी की है, जिसमें कथित तौर पर विस्फोटकों से लदा ट्रक धमाके से ठीक पहले कैंप में घुसता दिखाई दे रहा है और फिर जोर का धमाका होता है। चैनल ने बाद में दूसरा वीडियो शेयर किया, जिसमें कैंप का एक बड़ा हिस्सा पूरी तरह तबाह नजर आ रहा था।