भारत ने काबुल को भेजी राहत, अब तक 800 से ज्यादा की मौत

Afghanistan Earthquake Live Updates: अफगानिस्तान में रविवार, 31 अगस्त की देर रात आए भूकंप ने तबाही मचा दी है. पाकिस्तान सीमा के पास पूर्वी अफगानिस्तान में आए इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर भले 6.0 रही, लेकिन इससे जान-माल की बड़े पैमाने पर हानि हुई. तालिबान सरकार के प्रवक्ता के अनुसार इस शक्तिशाली भूकंप से मरने वालों की संख्या बढ़कर 800 के पार पहुंच गई है, इसमें अधिकांश सुदूर कुनार प्रांत में हैं. इसके अलावा 2500 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं.

स्थानीय समयानुसार आधी रात को अफगानिस्तान के कुनार और नंगाहार प्रांतों में भूकंप के झटके महसूस किए गए. पर्वतीय क्षेत्रों के कई जिलों में बड़े पैमाने पर जान-माल का नुकसान हुआ है. अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार 6.0 तीव्रता का भूकंप नंगाहार प्रांत के जलालाबाद शहर से 27 किमी पूर्व में केंद्रित था. भूकंप का केंद्र जमीन से सिर्फ 8 किमी (5 मील) की गहराई पर था. लगभग 20 मिनट बाद उसी प्रांत में दूसरा भूकंप आया, जिसकी तीव्रता 4.5 थी और गहराई 10 किलोमीटर थी.

भूकंप प्रभावित अफगानिस्तान से अपनों की कुशलता का इंतजार कर रहे दिल्ली में रह रहे अफगानी
पूर्वी अफगानिस्तान में भूकंप आने की खबर के बीच दिल्ली में अपनी छोटी दुकानों और किराये के कमरों में रह रहे अफगान प्रवासियों ने रविवार की रात जग कर बिताई. यहां रह रहे अधिकतर अफगान लोगों की रात फोन के साथ बीती और उन्हें इंतजार था कि उधर से कोई फोन आए और उन्हें अपनी परिचितों के सकुशल होने की जानकारी मिल जाए.

भारत में रह रहे अफगान नागरिकों को परिवार की सलामती की चिंता
मध्य दिल्ली में सूखे मेवों के विक्रेता आसिम (20) जैसे कई लोगों के लिए, दूसरी तरफ का सन्नाटा असहनीय है, क्योंकि उनकी दादी और उनका पूरा परिवार जलालाबाद में रहता है, जो भूकंप से सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्रों में एक है.

रुआंसे स्वर में उन्होंने कहा, “मैं दो साल पहले अपने चाचा के साथ यहां आया था और तब से उनके साथ काम कर रहा हूं. आखिरी बार मैंने अपने माता-पिता से लगभग दो हफ्ते पहले बात की थी. आज सुबह, जब मुझे भूकंप के बारे में पता चला, तो मैं उन्हें फोन करने की कोशिश करता रहा, लेकिन फोन नहीं लगा. मैं बस यही दुआ कर सकता हूं कि मेरा परिवार सुरक्षित रहे.”

भूकंप ने कुनार प्रांत के कई शहरों में मचाई तबाही
जलालाबाद शहर के समीप कुनार प्रांत के कई शहरों में रविवार देर रात आए 6.0 तीव्रता के भूकंप से बड़े पैमाने पर तबाही मची है. इसमें 800 से अधिक लोगों की जान चली गयी, जबकि 2500 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं. तालिबान सरकार के एक प्रवक्ता ने कहा कि भूकंप से पूरे के पूरे गांव तबाह हो गए हैं और संचार लाइनें ठप हो गई हैं. इस त्रासदी के कारण अनेक अफगान लोग अपने प्रियजनों की सुरक्षा को लेकर भयभीत हैं.

अफगान नागरिकों का परिवार से नहीं हो पा रहा संपर्क
दिल्ली में रह रहे 24 वर्षीय फरजान ने बताया कि उनके परिवार के सदस्य भी प्रभावित इलाके में रहते हैं. उसने कहा, “मैं तीन साल पहले अपने बड़े भाई के साथ यहां आया था. पिछले कुछ दिनों से घर पर कोई फ़ोन नहीं उठा रहा है. मैं उन्हें फोन करने की कोशिश कर रहा हूं, और अब तक मैंने कम से कम 100 कॉल कर ली हैं.” उन्होंने कहा, “इस वजह से हम यहां ठीक से खाना नहीं खा पा रहे हैं और न ही कोई काम कर पा रहे हैं.”