अभी अभीः फरीदाबाद के बाद उत्तराखंड में मिला 60KG विस्फोटक, 161 जिलेटिन स्टिक-मचा हड़कंप

अल्मोड़ाः हरियाणा के फरीदाबाद के बाद अब उत्तराखंड के अल्मोड़ा में विस्फोटक मिलने से हड़कंप मच गया है. जिले के राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय डभरा परिसर से शुक्रवार को भारी मात्रा में संदिग्ध विस्फोटक सामग्री बरामद हुई है. झाड़ियों में छिपाकर रखे गए 161 बेलनाकार पैकेट मिले हैं. घटना का खुलासा तब हुआ जब विद्यालय के प्रभारी प्रधानाचार्य सुभाष सिंह को झाड़ियों में संदिग्ध पैकेट दिखाई दिए. उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी. इसके बाद अपर उपनिरीक्षक दीवान सिंह बिष्ट और अपर उपनिरीक्षक लोमेश कुमार टीम सहित मौके पर पहुंचे और क्षेत्र की घेराबंदी कर दी. उधमसिंह नगर तथा नैनीताल जिलों की बीडीएस और डॉग स्क्वॉड टीमें मौके पर पहुंचीं.

करीब 60 किलो जिलेटिन रॉड
सल्ट में विस्फोटक मिलने के मामले को लेकर बड़ा खुलासा किया गया है. सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक विस्फोटक सामग्री में माइनिंग में इस्तेमाल होने वाली जिलेटिन स्टिक हैं. सूत्रों के मुताबिक कुमाऊं के बम स्क्वायड ने जांच की. सूत्रों ने बताया कि करीब 60 किलो की जिलेटिन रॉड्स मिली हैं. जिलेटिन रॉड्स का इस्तेमाल विस्फोट करने में होता है. बताया जा रहा है कि ये जिलेटिन रॉड्स डिस्पोज करने के इरादे से फेंके गए थे. आशंका जताई जा रही है कि ये जिलेटिन रॉड्स किसी कंस्ट्रक्शन साइट से आए होंगे. पुलिस फिलहाल छानबीन में जुटी हुई है. आसपास कंस्ट्रक्शन साइट्स को भी खंगाला जा रहा है.

स्कूल के पीछे वाली झाड़ी से मिले 161 विस्फोटक पैकेट
डॉग मौली और रैम्बो की मदद से विस्तृत तलाशी अभियान चलाया गया. तलाशी में पहले स्थान से कुछ पैकेट और लगभग 15-20 फीट आगे दूसरे स्थान से और पैकेट बरामद हुए. कुल 161 विस्फोटक पैकेट बरामद हुए. सभी पैकेट सुरक्षित तरीके से कवर कर सील किए गए. बम निरोधक दस्ते ने सभी संदिग्ध पैकेटों को एकत्र कर सुरक्षित स्थान पर रखा और सील पैक किया. टीम ने स्पष्ट किया कि ये जैलेटिन रॉड प्रकार की विस्फोटक सामग्री है, जिसे सुरक्षा कारणों से नियंत्रित तरीके से नष्ट किया जाना आवश्यक है. पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी और साक्ष्य संकलन किया गया है.

जांच में जुटी पुलिस
पूरे अभियान की वीडियोग्राफी ई-साक्ष्य ऐप के माध्यम से की गई और मौके पर ही बरामदगी की फर्द तैयार की गई. पुलिस ने इस संबंध में धारा 4(क) विस्फोटक पदार्थ अधिनियम 1908 एवं 288 बीएनएस में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. विस्फोटक सामग्री स्कूल परिसर तक कैसे पहुंची, किसने और क्यों यहां से छिपाई यह बड़े सवाल हैं जिनके उत्तर अब पुलिस को तलाशने हैं. इस पूरे मामले को लेकर एसएसपी अल्मोड़ा ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है. इस बात का पता लगाया जा रहा है कि झाड़ियों के पीछे विस्फोटक किसने रखा है, इसका खुलासा जल्द होगा.