Vijay Rally Stampede: तमिलनाडु के करूर में शनिवार को तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) प्रमुख विजय की चुनावी रैली के दौरान भगदड़ मचने से 30 लोगों की मौत होने का दावा किया जा रहा है. इस घटना की वजह से एक्टर से नेता बने विजय को अपना भाषण कुछ देर के लिए रोकना पड़ा क्योंकि भारी भीड़ की वजह से कई लोग बेहोश हो गए. बताया जा रहा है कि भीड़ अचानक बढ़ गई और काबू से बाहर हो गई, इसी दौरान विजय भाषण दे रहे थे. कई कार्यकर्ताओं और बच्चों के गिरने व बेहोश होने पर हंगामा मच गया.
भीड़ की वजह से एंबुलेंस को हुई दिक्कत
प्रारंभिक रिपोर्ट के मुताबिक कई लोग बेहोश हो गए थे, जिन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया. राज्य के स्वास्थ्य मंत्री मा. सुब्रमणियन ने बताया कि 10 से अधिक लोगों को मुर्दा हालत में अस्पताल लाया गया है. हालात को देखते ही कार्यकर्ताओं ने शोर मचाना शुरू कर दिया, जिसके बाद विजय ने तुरंत भाषण रोक दिया और अपने विशेष तैयार किए गए प्रचार वाहन से नीचे मौजूद लोगों की तरफ पानी की बोतलें फेंकीं. वहीं, एंबुलेंस को भारी भीड़ के बीच मौके तक पहुंचने में काफी परेशानी हुई.