दुबई में ईरान के ड्रोन अटैक के बाद अबू धाबी में गिरी मिसाइल

नई दिल्ली। मिडिल ईस्ट में तनाव बढ़ता ही जा रहा है। ईरान इजरायल और अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर हमले के साथ-साथ खाड़ी देशों पर भी मिसाइल और ड्रोन से हमले कर रहा है।

सोमवार तड़के ईरान ने संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के दुबई एयरपोर्ट के पास ड्रोन से अटैक किया, वहीं अब अबू धाबी में मिसाइल गिरने से एक व्यक्ति की मौत की खबर सामने आई है। दुबई के बाद अबू धाबी के अल बह्याह इलाके में एक नागरिक वाहन पर मिसाइल गिरी। इस घटना में एक फलस्तीनी नागरिक की मौत हो गई।

अबू धाबी के मीडिया कार्यालय ने एक बयान में कहा, “अल बह्याह क्षेत्र में एक नागरिक वाहन पर मिसाइल गिरने की घटना में एक फलस्तीनी नागरिक की मौत हो गई है। जनता को सलाह दी जाती है कि वे केवल आधिकारिक स्रोतों से ही जानकारी प्राप्त करें और अफवाहें या अपुष्ट जानकारी फैलाने से बचें।”

दुबई में ड्रोन हमले के बाद उड़ानें प्रभावित
ईरान ने सोमवार सुबह दुबई एयरपोर्ट के पास अटैक किया। इस हमले के बाद फ्यूल टैंक में आग लग गई। सुरक्षा के मद्देनजर दुबई एयरपोर्ट ने उड़ानों को निलंबित कर दिया। दुबई एयरपोर्ट पर उड़ान प्रभावित होने के कारण कोच्चि से दुबई जा रही फ्लाइट वापस आ गई।