फैसल खान पर खौफनाक खुलासाः ‘जेल में मर्डर की कोशिश, मेरे भाई को मरवाया’, अब…

पटनाः ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रौशन आनंद जेल से रिहा हो गए. बाहर आते ही उनका खान सर उर्फ फैजल खान के खिलाफ गुस्सा फूट पड़ा. उन्होंने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि- ‘एक बयान के कारण मुझे साजिश के तहत फंसाया गया. मेरे भाई की साजिश के तहत हत्या कराई गई. मेरी भी हत्या करवा सकते हैं, जेल में मेरी हत्या की कोशिश की गई.’ रौशन आनंद ने कहा कि फैजल खान ने इस मामले में झूठ बोला. उन्होंने आरोप लगाया कि 2 जून को हुई फायरिंग खान सर की तरफ से कराई गई थी, लेकिन बाद में पूरे मामले को दूसरी दिशा देने की कोशिश की गई. रौशन आनंद ने कहा कि सच्चाई सामने आए, इसके लिए स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच जरूरी है.

प्रिंस यादव की नेपाल के विराटनगर स्थित एक होटल में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत को लेकर भी विवाद गहराता जा रहा है. प्रिंस यादव खान सर कोचिंग विवाद मामले में नामजद आरोपी थे. उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज होने के बाद वह फरार चल रहे थे. नेपाल पुलिस इस मामले की जांच कर रही है. मौत के कारणों का अब तक आधिकारिक खुलासा नहीं हुआ है. प्रिंस यादव की मौत के बाद खान सर ने भी इस मामले पर प्रतिक्रिया दी थी. उन्होंने कहा था कि किसी भी व्यक्ति की मौत दुखद है और मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए.

तेज प्रताप यादव ने भी खान सर पर लगाए थे आरोप
वहीं, राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेज प्रताप यादव ने इस मामले में बड़ा बयान देते हुए सीधे खान सर पर निशाना साधा था. तेज प्रताप यादव ने दावा किया था कि प्रिंस यादव की मौत के पीछे साजिश है और जिस पक्ष से विवाद चल रहा था, उसी पर संदेह होना स्वाभाविक है. उन्होंने कहा था कि मामले की गहन जांच कर दोषियों पर कार्रवाई होनी चाहिए. साथ ही उन्होंने रौशन आनंद को भाई के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए पैरोल देने की भी मांग की थी.

2 जून को हुई थी फायरिंग
गौरतलब है कि 2 जून को पटना में खान ग्लोबल स्टडीज और ज्ञान बिंदु कोचिंग से जुड़े लोगों के बीच हुए विवाद के बाद फायरिंग, तोड़फोड़ और मारपीट का मामला सामने आया था. इसमें रौशन आनंद को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था, जबकि खान सर को अदालत से गिरफ्तारी पर अंतरिम राहत मिल गई थी. अब रौशन आनंद को 12 दिन बाद जमानत मिली है.