नोएडा: नोएडा के सेक्टर-150 में एक प्रेमिका ने विदेशी प्रेमी की चाकू से गोदकर हत्या करने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि दोनों लिव-इन में रह रहे थे। आरोपी लड़की मणिपुर की रहने वाली और मृतक प्रेमी साउथ कोरिया का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक प्रेमिका ही प्रेमी को मृत अवस्था मे GIMS हॉस्पिटल लेकर पहुंची थी। पुलिस ने आरोपी प्रेमिका को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।
थाना नॉलेज पार्क पुलिस ने बताया कि उन्हें जीआईएमएस अस्पताल से सूचना मिली थी। अस्पताल में दक्षिण कोरियाई नागरिक डक ही यू (Mr Duck Hee Yuh) को मृत अवस्था में लाया गया था। वह सेक्टर-150 स्थित एटीएस पायस हाइड वेज गौतमबुद्ध नगर में रहता था। पुलिस की शुरूआती जांच में अब तक सामने आया कि मणिपुर की रहने वाली लुंजेना पमाई (Lunjeana Pamai) ने ही डक ही यू को अस्पताल में भर्ती कराया था। लुंजेना पमाई ने चाकू से उसकी हत्या की। दोनों काफी समय से लिव-इन रिलेशनशिप में साथ रह रहे थे।
प्रेमिका से मारपीट करता था डक ही यू
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक डक ही यू शराब पीकर प्रेमिका लुंजेना पमाई के साथ मारपीट करता था। बताया जा रहा है कि इसी बात से परेशान होकर लुंजेना ने यह कदम उठाया। घटना के समय दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद लुंजेना ने चाकू से वार कर उसकी हत्या कर दी।
मृतक एक मोबाइल कंपनी में मैनेजर था। इस मामले में थाना नॉलेज पार्क पुलिस स्टेशन में तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु कर दी है। पुलिस ने आरोपी महिला लुंजेना पमाई को गिरफ्तार कर लिया है और कानूनी कार्रवाई की जा रही है।