आरबीआई ने ले लिए 5 सबसे बड़े फैसले, पूरे देश पर असर!

RBI MPC Meeting Key Highlights in Hindi: भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की मॉनिटरी पॉलिसी कमेटी (RBI Policy) की तीन दिन की बैठक 4 फरवरी को शुरू हुई थी और आज यानी 6 February 2026 को आरबीआई ने बैठक में लिए गए फैसलों का एलान कर दिया है. जानिए आरबीआई के गवर्नर संजय मल्होत्रा (Sanjay Malhotra) की ओर से किए गए वो 5 बड़े एलान कौन से हैं, जो सीधे देश की इकोनॉमी और आम आदमी से जुड़े हैं.

RBI Policy, RBI Big Decision No.1- Fraud पर 25,000 रुपये तक मुआवजा- केंद्रीय बैंक ने छोटे मूल्य की धोखाधड़ी (Bank Fraud) वाले लेनदेन में ग्राहकों को 25 हजार रुपये तक मुआवजा देने के लिए एक फ्रेमवर्क लाने का प्रस्ताव रखा है. इसका मतलब है कि अगर कोई बैंक ग्राहक छोटे मूल्य की धोखाधड़ी का शिकार होता है, तो उसे 25 हजार रुपये तक का मुआवजा मिल सकता है. मल्होत्रा ने कहा कि ऐसे कई धोखाधड़ी वाले लेनदेन सामने आए हैं, जिनके लिए रिजर्व बैंक पहले भी कई कदम उठा चुका है. उन्होंने कहा कि डिजिटल पेमेंट की सुरक्षा बढ़ाने के लिए संभावित उपायों पर एक चर्चा पत्र जारी करने का भी प्रस्ताव है. इन उपायों में वरिष्ठ नागरिकों जैसे विशेष वर्ग के ग्राहकों के लिए लेयर्ड क्रेडिट लिमिट और अतिरिक्त ऑथेंटिकेशन जैसी व्यवस्थाएं शामिल हो सकती हैं.

RBI Policy, RBI Big Decision No.2- महंगाई पर सबसे बड़ा फोकस- सबसे बड़ा फोकस महंगाई पर रहा है. इस बार सेंट्रल बैंक ने साफ तौर पर माना है कि आने वाले महीनों में महंगाई पहले के अनुमान से थोड़ी ज्यादा रह सकती है. कोर महंगाई काबू में रह सकती है. लेकिन भू-राजनीतिक हालात को महंगाई के लिए सबसे बड़ा खतरा बताया गया है. सबसे पहले कारोबारी साल 2027 की बात करें, तो पहली तिमाही के लिए महंगाई का अनुमान पहले 3.9 फीसदी था, जिसे अब बढ़ाकर 4 फीसदी कर दिया गया है. वहीं दूसरी तिमाही के लिए महंगाई का अनुमान पहले 4 फीसदी था, जिसे अब बढ़ाकर 4.2 फीसदी कर दिया गया है. यानी आने वाले कारोबारी साल में ही RBI को यह संकेत मिल रहा है कि महंगाई धीरे-धीरे ऊपर की ओर जा सकती है.

RBI Policy, RBI Big Decision No.3- मजबूत हो सकती है देश की अर्थव्यवस्था- आरबीआई का ताजा आकलन साफ इशारा कर रहा है कि देश की अर्थव्यवस्था की रफ्तार और मजबूत हो सकती है. RBI के मुताबिक भारतीय इकोनॉमी (Indian Economy) लगातार बेहतर रास्ते पर आगे बढ़ रही है. ग्रोथ का ट्रैक अब पहले से ज्यादा स्थिर और भरोसेमंद है. RBI ने कारोबारी साल 2027 की दूसरी तिमाही के लिए ग्रोथ का अनुमान 6.8 फीसदी से बढ़ाकर 7 फीसदी कर दिया है. यानी अब अगले कारोबारी साल की दूसरी तिमाही में आर्थिक गतिविधियां पहले के अनुमान से ज्यादा मजबूत रहेंगी.

RBI Policy, RBI Big Decision No.4- अपना बिजनेस करने वालों को आरबीआई का तोहफा- RBI की MPC बैठक से MSME सेक्टर के लिए बड़ी राहत की खबर आई है. अब बिना गारंटी मिलने वाले लोन की सीमा दोगुनी होकर बीस लाख रुपये करने का प्रस्ताव आरबीआई ने दिया है. पहले यह सीमा दस लाख रुपये थी. इस फैसले से छोटे कारोबारियों को वर्किंग कैपिटल, मशीनरी और बिजनेस बढ़ाने के लिए आसान फंडिंग मिलेगी. साथ ही बैंकों को भी ज्यादा भरोसे के साथ कर्ज देने का रास्ता खुलेगा. अर्थव्यवस्था और रोजगार पर भी इसका सीधा फायदा मिलेगा.

RBI Policy, RBI Big Decision No.5- रेपो रेट में कोई बदलाव नहीं- केंद्रीय बैंक ने इस बार रेपो रेट में कोई बदलाव नहीं किया है. भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर संजय मल्होत्रा ने एमपीसी की मीटिंग के बाद इसकी जानकारी दी. रेपो रेट अब भी 5.25 फीसदी पर बरकरार है. बताते चलें कि केंद्रीय बजट पेश होने के बाद ये एमपीसी की पहली बैठक थी. MSF Rate 5.50 फीसदी पर है और SDF 5 फीसदी पर है.