8 घंटों के अंदर 13 राज्यों में आंधी-भारी बारिश का अलर्ट, 80 की रफ्तार से हवा

देश के कई राज्यों में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच मौसम विभाग ने यूपी, बिहार, पश्चिम बंगाल, अरुणाचल, असम, मेघालय समेत देश के 13 राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कई जगहों पर 50 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार सके तेज हवाएं चल सकती हैं। IMD के पूर्वानुमान के अनुसार, पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत में अगले 6-7 दिनों तक भारी बारिश का दौर देखने को मिलेगा। भारी बारिश से जलभराव, यातायात प्रभावित होने और भूस्खलन जैसी घटनाओं की आशंका जताई गई है। ऐसे में अगर आप घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो मौसम अपडेट जरूर देख लें।

मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून आगे बढ़ रहा है और अगले 4-5 दिनों में महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड, बिहार और दक्षिण छत्तीसगढ़ के अधिक हिस्सों में पहुंच सकता है। ऐसे में इन राज्यों में भारी बारिश देखने को मिलेगी। IMD ने मछुआरों को बंगाल की खाड़ी और अरब सागर के कई हिस्सों में 19 जून तक समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।

दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम?
दिल्ली में आंधी-बारिश का अलर्ट (15-17 जून): मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में 15 से 17 जून के दौरान आंशिक रूप से बादल छाए रहने गरज-चमक के साथ हल्की बारिश रहने की संभावना है। इस दौरान 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं आज 15 जून को मौसम विभाग ने गरज-चमक के साथ बारिश होने का येलो अलर्ट जारी किया है।

यूपी में आज कैसा रहेगा मौसम?
यूपी में बूंदाबांदी के साथ आंधी का अलर्ट (15-20 जून): कुशीनगर, देवरिया, गोरखपुर, गोंडा, संतकबीरनगर, बलिया, मऊ, चंदौली, मिर्जापुर, सोनभद्र जिलों में मौसम विभाग ने आज यानी 15 जून को गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई है। वहीं मथुरा, अलीगढ़, इटावा, जालौन, आगरा, फिरोजाबाद, एटा, मैनपुरी, कानपुर, हमीरपुर, जालौन, झांसी में आज गरज-चमक के साथ बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। पूर्वानुमान के अनुसार, पश्चिमी यूपी में 15 से 20 जून के दौरान छिटपुट बारिश हो सकती है। जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में 18-20 जून के बीच बारिश बढ़ने के आसार हैं।

बिहार में आज कैसा रहेगा मौसम
बिहार तेज हवाओं के साथ बारिश का अलर्ट (15-20 जून): वेस्ट चंपारण, गोपालगंजा, सारण, सिवान, भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद जिलों में आज यानी 15 जून को मौसम विभाग ने गरज-चमक का अलर्ट जारी किया है। वहीं अगले 4-5 दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून बिहार पहुंच सकता है। ऐसे में प्री-मानसून की गतिविधियां शुरू हो गई है। 16 जून को राज्य के कुछ इलाकों में भारी बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

राजस्थान में आज कैसा रहेगा मौसम
राजस्थान में आंधी का अलर्ट (15-20 जून): जयपुर, जोधपुर, बीकानेर, उदयपुर, अजमेर, कोटा, अलवर, श्रीगंगानगर में तेज आंधी और गरज-चमक की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान में 15 से 20 जून के दौरान बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। कुछ इलाकों में आंधी-तूफान भी देखने को मिल सकता है। इस दौरान 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

उत्तराखंड में आज कैसा रहेगा मौसम
उत्तराखंड छिटपुट बारिश की संभावना (15-20 जून): उत्तराखंड में आने वाले 4-5 दिनों के दौरान मौसम सामान्य रहेगा। बारिश या आंधी-तूफान का कोई बड़ा अलर्ट जारी नहीं किया गया है। हालांकि नैनीताल, हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर, पौड़ी, अल्मोड़ा, टिहरी में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।

हिमाचल प्रदेश में आज कैसा रहेगा मौसम
हिमाचल प्रदेश में बारिश का अलर्ट (15-20 जून): हिमाचल प्रदेश में अगले 4-5 दिनों तक बारिश का दौरा जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने आज यानी 15 जून और 18 से 20 जून के दौरान गरज-चमक और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

जम्मू-कश्मीर में आज कैसा रहेगा मौसम?
जम्मू-कश्मीर में छिटपुट बारिश का पूर्वानुमान (15-20 जून): मौसम विभाग के अनुसार, जम्मू, श्रीनगर, बारामूला, अनंतनाग, पुलवामा, उधमपुर, राजौरी में बारिश और गरज-चमक का असर रह सकता है। राज्य में 15 से 20 जून के दौरान छिटपुट बारिश होने की संभावना है। वहीं 15 जून यानी आज और 18-20 जून के दौरान 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।