महेंद्रगढ़/नारनौल: नारनौल सदर थाना क्षेत्र के गांव सुरानी में एक महिला पर अपने पति की रविवार देर रात चाकू से गला रेतकर हत्या करने का आरोप लगा है। घटना के बाद आरोपी महिला मौके से फरार हो गई। पुलिस ने मृतक के पिता की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
तीन साल पहले हुई थी दूसरी शादी
सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में गांव सुरानी निवासी रामकुमार ने बताया कि उसके 31 वर्षीय पुत्र शशिकांत की वर्ष 2023 में गुरुग्राम जिले के गांव मऊ लोकरी निवासी सरस्वती के साथ दूसरी शादी हुई थी। दोनों का यह दूसरा विवाह था और उनका करीब दो वर्षीय बेटा भी है।
पति-पत्नी के बीच हुआ था झगड़ा
शिकायत के अनुसार शशिकांत मजदूरी का काम करता था और रविवार को काम से लौटकर घर आया था। खाना खाने के बाद वह कमरे में चला गया, जहां किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया। परिवार के लोगों ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन कुछ देर बाद फिर कहासुनी शुरू हो गई।
चाकू से पति का गला रेतकर फरार हुई महिला
रामकुमार का आरोप है कि जब वह कमरे की ओर पहुंचा तो सरस्वती चाकू फेंककर घर से बाहर भागती दिखाई दी। अंदर जाकर देखा तो शशिकांत गंभीर रूप से घायल था और उसके गले से खून बह रहा था। मदद लाने तक उसकी मौत हो चुकी थी।
सूचना मिलने पर पुलिस और सीन ऑफ क्राइम टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। सदर थाना पुलिस ने बीएनएस की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर आरोपित महिला की तलाश शुरू कर दी है।