पटना: मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत बिहार की 10 लाख महिलाओं के बैंक खाते में शुक्रवार 28 नवंबर को 10-10 हजार रुपये भेजे जाएंगे। इसमें ग्रामीण क्षेत्र की साढ़े 9 लाख और शहरी इलाकों की 50 हजार महिलाएं शामिल हैं। ये सभी जीविका समूह से जुड़ी हैं। नीतीश सरका की इस योजना के तहत अब तक 1.40 करोड़ महिलाओं के खाते में 10000 रुपये की राशि भेजी जा चुकी है। अब 10 लाख और महिलाओं के खाते में पैसा भेजा जाएगा। फिर बाकी बची लाभार्थियों को भी जल्द राशि मिल जाएगी।
दरअसल, महिला रोजगार योजना के तहत दो तरह से आवेदन लिए गए हैं। इसमें ऑनलाइन मोड में शहरी क्षेत्र की महिलाओं से आवेदन लिए गए। वहीं, ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं ने ऑफलाइन आवेदन किया। अब तक पहले से जीविका समूह से जुड़ीं ग्रामीण और शहरी क्षेत्र की महिलाओं को ही इस योजना का लाभ मिला है।
अब उन महिलाओं के बैंक खाते में भी 10-10 हजार रुपये भेजे जाएंगे जो हाल के दिनों में जीविका समूह से जुड़ी हैं। योजना के तहत 13 लाख महिलाओं ने ऑनलाइन मोड में आवेदन किया है। इन महिलाओं के आवेदन की जांच शुरू हो चुकी है। जांच पूरी होने के बाद इन 13 लाख महिलाओं को भी दस-दस हजार रुपये खाते में भेजे जाएंगे।
इस संबंध में जीविका के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी हिमांशु शर्मा ने बताया कि एक महीने में योजना जुड़ीं सभी महिलाओं को राशि भेज दी जाएगी। ऐसे में माना जा रहा है कि अगले महीने दिसंबर तक सभी लाभार्थियों को 10-10 हजार मिल जाएंगे।