बिहार के शिक्षकों के लिए सुनहरा मौका, सैलरी के अलावा हर रोज मिलेंगे 1000 रुपये, रहना-खाना भी फ्री

जमुई: बिहार में ‘टॉपर्स की फैक्ट्री’ के नाम से मशहूर सिमुलतला आवासीय विद्यालय एक बार फिर चर्चा में है. इस विद्यालय की पहचान यहां से निकलने वाले टॉपर्स से होती है. हर साल मैट्रिक और इंटरमीडिएट की परीक्षा में सिमुलतला के छात्र बिहार टॉपर बनकर राज्य का नाम रोशन करते हैं. छात्रों की इस शानदार सफलता के पीछे यहां पढ़ाने वाले योग्य और अनुभवी शिक्षकों की बड़ी भूमिका मानी जाती है. इसी गुणवत्ता को बनाए रखने के लिए अब विद्यालय में नए शिक्षक अप्वाइंट किए जा रहे हैं.

क्यों खास है ये अप्वाइंट?
इसको लेकर जमुई जिला शिक्षा विभाग की ओर से एक आधिकारिक पत्र जारी किया गया है.
इस चिट्ठी में लिखा है कि सिमुलतला आवासीय विद्यालय में कक्षा 6 से लेकर कक्षा 12 तक के लिए शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति (डेपुटेशन) की जाएगी.
चयनित शिक्षकों को न सिर्फ सैलरी और सरकारी भत्ते मिलेंगे, बल्कि इसके अलावा हर दिन एक हजार रुपये का अतिरिक्त भुगतान भी किया जाएगा.
यह सुविधा राज्य के अन्य विद्यालयों की तुलना में इसे खास बनाती है.
कई विषयों के शिक्षकों की होगी नियुक्ति
जारी सूचना के अनुसार विद्यालय में अलग-अलग विषयों के लिए रिक्तियां तय की गई हैं.
इनमें गणित पीजीटी के दो पद, हिंदी का एक पद, रसायन विज्ञान का एक पद, इतिहास का एक पद और विज्ञान का एक पद शामिल है.
चयनित शिक्षकों को कई विशेष सुविधाएं दी जाएंगी. विद्यालय परिसर में ही निःशुल्क आवासन और भोजन की व्यवस्था उपलब्ध कराई जाएगी.
शिक्षकों को अनिवार्य रूप से परिसर के अंदर ही रहना होगा और बाहर रहने की अनुमति नहीं होगी.
चूंकि आवास विद्यालय की ओर से दिया जाएगा, इसलिए मकान किराया भत्ता देय नहीं होगा. साथ ही यह भी साफ किया गया है कि आवश्यकता पड़ने पर यह प्रतिनियुक्ति कभी भी रद्द की जा सकती है

वॉक-इन-इंटरव्यू से होगा चयन
इच्छुक शिक्षक और शिक्षिकाएं इस अवसर का लाभ वॉक-इन-इंटरव्यू के माध्यम से ले सकते हैं. इसके लिए किसी अलग आवेदन पत्र की जरूरत नहीं है. इंटरव्यू की तिथि 6 जनवरी 2026, दिन मंगलवार तय की गई है. समय सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक रखा गया है. इंटरव्यू का स्थान जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय प्रकोष्ठ, जमुई होगा. इच्छुक उम्मीदवारों को अपने विद्यालय से ‘मार्क ऑन ड्यूटी’ कराकर इंटरव्यू में शामिल होना होगा. जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय की ओर से डेटा एंट्री ऑपरेटर प्रेम कुमार को उम्मीदवारों का पंजीयन कर सूची तैयार करने का निर्देश दिया गया है.