बिहार में दो दोस्तों की हत्या से फैली सनसनी, पुलिस जांच में हुआ खौफनाक खुलासा

दरभंगा: बिहार के दरभंगा से सनसनीखेज खबर सामने आ रही है। जहां डबल मर्डर से हड़कंप मच गई है। मिली जानकारी अनुसार नए साल पर पार्टी करने गए दो दोस्तों की अज्ञात अपराधियों ने हत्या कर दी। जिसके बाद एक दोस्त के शव को खेत में फेंक दिया तो वहीं दूसरे को जमीन में दफ्न कर दिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस इस मामले में जांच कर रही है। घटना सदर थाना क्षेत्र के कबीरचक गांव की है।

न्यू ईयर पर पार्टी करने गए थे दोस्त
मृतकों की पहचान कबीरचक गांव निवासी मन्ना महतो और बादल मंडल के रूप में हुई है। दोनों युवक एक जनवरी को न्यू ईयर के दिन घर से घूमने निकले थे, जिसके बाद से लापता थे। लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे। इसके बाद परिजन उनकी तलाश में जुट गए। दो जनवरी को बादल के पिता विनोद मंडल ने अपने स्तर से खोजबीन शुरू की। इसी दौरान बीएमपी के पास निर्माणाधीन सिक्स लेन सड़क पर बादलकी बाइक गिरी हुई मिली। उन्होंने डायल 112 पर सूचना दी, जिसके बाद बहादुरपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और बाइक जब्त कर ली।

एक आरोपी गिरफ्तार
जिसके बाद विनोद मंडल ने सदर थाना में अपने बेटे बादल और उसके दोस्त मन्ना के अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई। एफआईआर में कबीरचक निवासी रितिक और बहादुरपुर थाना क्षेत्र के भैरोपट्टी निवासी छोटू कुमार को नामजद आरोपी बनाया गया। परिजनों का आरोप है कि बादल का इन दोनों से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। एक जनवरी की शाम भी आरोपियों ने फोन कर गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी थी।

एक शव खेत में तो दूसरे का दफ्न मिला
इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी छोटू कुमार को गिरफ्तार किया है। उसकी निशानदेही पर बादल मंडल का शव बरामद किया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी ही थी कि शनिवार दोपहर लापता मन्ना महतो का शव बीएमपी के पास एक खेत से बरामद हुआ। वहीं, बादल मंडल का शव एक बगीचे में जमीन के अंदर दफ्न अवस्था में मिला। सदर एसडीपीओ राजीव कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि एक जनवरी की रात पार्टी के दौरान आपसी विवाद बढ़ गया था। इसी विवाद में कई दोस्तों ने मिलकर दोनों युवकों की हत्या कर दी। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।