बिहार की रील बनाने वाली युवती ने महाराजगंज में मचाया बवाल; जहर खाने का नाटक किया

महाराजगंज: बिहार के मुजफ्फरपुर की रहने वाली और रील बनाकर वायरल करने वाली युवती ने महाराजगंज में जमकर हंगामा किया. जिले के एक रील बनाने वाले युवक से शादी करने पर अड़ी युवती ने पुलिस थाने में जहर खाने का भी नाटक किया. पुलिस जब उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंची तो जांच के बाद डॉक्टर ने साफ किया कि युवती ने कोई जहर नहीं खाया है. फिलहाल, युवती को जिला अस्पताल में ही भर्ती कराया गया है.

थाना प्रभारी सिंदुरिया राजकुमार सिंह ने बताया कि यह मामला संज्ञान में आया है. युवक और युवती दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया है. पूरे प्रकरण की गहनता से जांच की जा रही है. जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने बताया कि युवती ने जहर खाने का सिर्फ नाटक किया था. वह अब ठीक है. कुछ दिनों से भोजन ठीक से न करने के कारण कमजोर है, इसलिए अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है.

क्या है पूरा मामला: थाना प्रभारी ने बताया कि बिहार के मुजफ्फरपुर जिले की रहने वाली 22 वर्षीय युवती सोशल मीडिया पर रील बनाती है. इसी रीलबाजी के दौरान उसकी जान-पहचान सिंदुरिया के भेड़िया गांव निवासी एक युवक से हुई. दोनों में बातचीत शुरू हुई और दोस्ती प्यार में बदल गई. इसके बाद युवती उस युवक से शादी करने पर अड़ गई. इसी चक्कर में दो महीने पहले भी वह महाराजगंज आई थी.

शादी न करने पर किया नाटक: 14 जनवरी को युवती फिर से महराजगंज पहुंची और युवक पर शादी का दबाव बनाने लगी. जब युवक ने मना कर दिया, तब पैसे की डिमांड करने लगी. आरोप है कि युवती ने पहले 6 लाख रुपए मांगे और फिर घटते-घटते 1.5 लाख पर आ गई. मामला संज्ञान में आने के बाद पुलिस ने हस्तक्षेप किया. युवती को थाने बुलाया गया.

थाने पर काटा बवाल: थाना प्रभारी ने बताया कि युवती ने फिल्मी अंदाज में जहर खाने का नाटक किया और बीच सड़क पर गिर पड़ी. पुलिस तत्काल युवती को लेकर जिला अस्पताल पहुंची. वहां डॉक्टर ने जांच के बाद साफ कर दिया कि युवती ने कोई जहर नहीं खाया है.

युवती पर ब्लैकमेलिंग के आरोप: स्थानीय सूत्रों और चर्चाओं की मानें तो यह युवती रील तो बनाती ही है, साथ ही युवकों के साथ प्यार का नाटक करके ब्लैकमेल भी करती है. आरोप है कि वह पहले भी दो युवकों को इसी तरह प्रेम जाल में फंसाकर ब्लैकमेल कर चुकी है. इस ड्रामे के पीछे एक महिला एनजीओ का नाम भी सामने आ रहा है, जो लगातार युवती की पैरवी कर रही है. फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है.