सावधान! बिहार में अब और असर दिखाएगी ठंड, गिरेगा रात का पारा, छाएगा कोहरा

Bihar Weather Update: बिहार में अब कड़ाके की ठंड ने रफ्तार पकड़ ली है. कई जिलों में शीतलहर जैसी स्थिति बन गई है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है. सुबह और शाम के वक्त ठंड अपने चरम पर पहुंच रही है.वहीं घने कोहरे की वजह से आवागमन पर भी असर पड़ रहा है. मौसम विभाग ने हालात को देखते हुए कई जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है.

रात और सुबह ठंड और बढ़ेगी
बिहार की राजधानी पटना में सुबह-शाम ठंड में लगातार इजाफा हो रहा है. हालांकि, दिन में धूप निकलने से थोड़ी राहत मिल रही है. मौसम विभाग के अनुसार, अगले चार दिनों तक दिन में धूप खिली रहेगी, लेकिन रात और सुबह ठंड और बढ़ेगी.

तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रहा
6 दिसंबर, 2025 दिन शनिवार को पटना का न्यूनतम तापमान गिरकर 13 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया. राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान भागलपुर में 8.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे अधिक अधिकतम तापमान शेखपुरा में 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ.

तापमान 24 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच
राज्यभर में अधिकतम तापमान 24 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है. अगले दो दिनों में कई जिलों में सुबह हल्के से मध्यम स्तर के कोहरे की संभावना है. रात का पारा और गिर सकता है जिससे ठंड और असर दिखाएगी.