बडी खबर: बिहार में भाजपा नेता को बदमाशों ने दिनदहाड़े सीने में मारी गोली, हालत नाजुक

खगड़िया: बिहार के खगड़िया जिले में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के एक नेता को बदमाशों ने दिनदहाड़े गोली मार दी। सीने में गोली लगने से भाजपा नेता दिलीप कुमार सिंह (50 साल) गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें बेगूसराय रेफर किया गया है, जहां इलाज जारी है। उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। वारदात गंगौर थाना क्षेत्र के विशनपुर मोड़ के पास की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

जानकारी के अनुसार दिलीप सिंह खगड़िया जिला की भाजपा कार्यसमिति क सदस्य हैं। वह शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे विशनपुर मोड़ के पास एक मचान पर कुछ लोगों के साथ बैठे हुए थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए अपराधियों ने उन पर फायरिंग कर दी। गोली दिलीप के सीने में जा लगी। वारदात के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए।

आनन-फानन में भाजपा नेता को खगड़िया सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां से गंभीर हालत में उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। परिजन उन्हें लेकर बेगूसराय पहुंचे। अलौली के एसडीपीओ टू पारस नाथ साहु ने कहा कि घायल दिलीप सिंह जमीन कारोबार से भी जुड़े हैं। बाइक सवार बदमाशों ने घटना को अंजाम दिया है।

पुलिस घटना की छानबीन कर रही है। हमले की वजह अभी सामने नहीं आई है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में दहशत का माहौल पैदा हो गया।