साइक्लोन दितवाह ने श्रीलंका में भारी तबाही मचा दी है। इस भयंकर तूफान के कारण अब तक 123 लोगों की मौत हो चुकी है। कई इलाकों में भारी नुकसान हुआ है और राहत-बचाव टीमें लगातार काम कर रही हैं। स्थिति गंभीर होने के कारण अब यह तूफान भारत की ओर बढ़ रहा है।
कोलंबो में फंसे भारत के 300 यात्री
तूफान के चलते कई अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट्स रद्द कर दी गई हैं। इसका असर उन यात्रियों पर पड़ा है, जो दुबई से श्रीलंका होकर भारत आने वाले थे। करीब 300 भारतीय यात्री पिछले तीन दिनों से कोलंबो के बंदरनायके इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर फंसे हुए हैं। इनमें लगभग 150 यात्री तमिलनाडु के बताए जा रहे हैं।
एयरपोर्ट पर नहीं मिल रहीं जरूरी सुविधाएं
फंसे हुए यात्रियों ने शिकायत की है कि खराब मौसम के चलते एयरपोर्ट का ऑपरेशन बिगड़ गया है। उन्होंने कहा कि उन्हें खाना, पानी और अन्य बुनियादी सुविधाएँ ठीक से नहीं मिल पा रही हैं, जिसके कारण स्थिति और मुश्किल हो गई है।
तमिलनाडु सरकार सक्रिय
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने राज्य के पब्लिक डिपार्टमेंट के सेक्रेटरी को निर्देश दिया है कि वे कोलंबो में भारतीय दूतावास के साथ मिलकर सभी फंसे यात्रियों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करें। इसके बाद भारतीय हाई कमिशन के अधिकारियों ने भी यात्रियों को जल्द से जल्द भारत लाने के लिए प्रक्रिया तेज कर दी है।
भारत ने श्रीलंका को भेजी मानवीय सहायता
तूफान से श्रीलंका में हुई भारी तबाही को देखते हुए भारत ने तुरंत मानवीय मदद भेजी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मृतकों के परिवारों के प्रति दुख जताया है और श्रीलंका की मदद के लिए आपातकालीन राहत भेजने के निर्देश दिए हैं।
भारत में भी बढ़ेगी दितवाह की मार
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, चक्रवाती तूफान दितवाह अब भारत के तटीय इलाकों की ओर तेजी से बढ़ रहा है। उत्तरी तमिलनाडु, पुडुचेरी और दक्षिणी आंध्र प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
तेज हवाओं का अनुमान
रविवार सुबह तक तूफान तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश के तटों के पास पहुंच सकता है। इस दौरान 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है।