पटना। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के पिता सह पूर्व मंत्री शकुनी चौधरी को गुरुवार को अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद आईजीआईएमएस में भर्ती कराया गया। सांस लेने में तकलीफ, बोलने में परेशानी और ऑक्सीजन लेवल कम होने पर उन्हें क्रिटिकल केयर मेडिसिन विभाग के आईसीयू में रखा गया। डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज शुरू किया गया।
गंभीर अस्थमा अटैक के बाद अस्पताल में भर्ती
डॉक्टरों के अनुसार शकुनी चौधरी को गंभीर अस्थमा अटैक आया था। सांस लेने में दिक्कत बढ़ने के कारण उन्हें तत्काल आईसीयू में भर्ती करना पड़ा। इलाज शुरू होने के बाद उनकी स्थिति में धीरे-धीरे सुधार हुआ। शाम तक स्वास्थ्य में सुधार होने पर उन्हें आईसीयू से डीलक्स रूम में शिफ्ट कर दिया गया। डॉक्टरों ने बताया कि अब उनकी हालत सामान्य है और शुक्रवार को डिस्चार्ज किया जा सकता है।
पिता से मिलने पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार
शकुनी चौधरी के अस्पताल में भर्ती होने की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार भी आईजीआईएमएस पहुंचे। उन्होंने डॉक्टरों से मुलाकात कर स्वास्थ्य की पूरी जानकारी ली और इलाज को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। अस्पताल परिसर में दिनभर नेताओं, समर्थकों और शुभचिंतकों का आना-जाना लगा रहा। कई राजनीतिक हस्तियों ने भी उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
मुख्यमंत्री सचिवालय के सचिव की भी बिगड़ी तबीयत
इधर, गुरुवार देर शाम मुख्यमंत्री सचिवालय में सचिव लोकेश कुमार सिंह की तबीयत भी अचानक खराब हो गई। बताया गया कि उनका शुगर लेवल तेजी से नीचे चला गया था। उन्हें भी तत्काल आईजीआईएमएस लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार और जांच के बाद करीब एक घंटे में उनकी स्थिति सामान्य हो गई। इसके बाद डॉक्टरों ने उन्हें घर भेज दिया।
बिहार की राजनीति के वरिष्ठ चेहरों में गिने जाते हैं शकुनी चौधरी
शकुनी चौधरी बिहार की राजनीति का बड़ा नाम रहे हैं। उन्होंने 1980 से 2005 तक तारापुर विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया और लंबे समय तक सक्रिय राजनीति में अपनी मजबूत पहचान बनाई।