पटना: पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) के बेटे निशांत कुमार (Nishant Kumar) को स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी मिली है. बीते गुरुवार (07 मई, 2026) को शपथ ग्रहण के बाद आज (शुक्रवार) दूसरे दिन उन्होंने विभाग पहुंचकर पदभार ग्रहण किया. गुलदस्ता देकर विभाग में उनका स्वागत किया गया. इस मौके पर निशांत कुमार ने बड़ा ऐलान किया.
निशांत कुमार ने कहा, “मुझे जो जिम्मेदारी मिली है उसका निर्वाहन करूंगा. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जो जिम्मेदारी दी है उसका ईमानदारी और निष्ठा से निर्वहन करुंगा.” उन्होंने कहा, “अमीर हो या गरीब, या वंचित समाज के लोग हों, सबको हम सामान स्वास्थ्य सेवा देंगे.”
काम से लोगों का विश्वास जीतेंगे निशांत
स्वास्थ्य विभाग में चुनौतियों को लेकर किए गए सवाल पर कहा, “आज पदभार लिया हूं, विभाग को जानूंगा, देखूंगा, समझूंगा उसके बाद बताऊंगा. मेरे पिता ने स्वास्थ्य हो, शिक्षा हो या अन्य कोई विभाग हो, सभी के लिए 20 वर्षों में काम किया है. मैं जनता की सेवा करूंगा और अपने काम से लोगों का विश्वास जीतने का प्रयास करूंगा.”
केदार प्रसाद गुप्ता ने भी ग्रहण किया पदभार
दूसरी ओर शुक्रवार (08 मई, 2026) को केदार प्रसाद गुप्ता ने पर्यटन मंत्री के तौर पर पदभार लिया. इस मौके पर केदार प्रसाद गुप्ता ने कहा, “मुझे पर्यटन विभाग का दायित्व मिला है. मेरी पहली प्राथमिकता होगी कि बिहार के सभी प्रसिद्ध मंदिरों का सौंदर्यीकरण और जीर्णोद्धार हो. बाबा गरीबनाथ मंदिर सहित कई ऐसे प्रसिद्ध मंदिर हैं जिनका जीर्णोद्धार जरूरी है. उन्होंने कहा कि पुनौरा धाम में सीता मंदिर का निर्माण हो रहा है. नीतीश सरकार में इसके लिए 1000 करोड़ से ज्यादा की राशि का आवंटन हुआ था. अब सम्राट सरकार में इसका निर्माण तेजी से होगा. इसके लिए मैं पूरा प्रयास करूंगा.”