CM नीतीश कुमार ने थपथपाई सम्राट चौधरी की पीठ, बोले- ऊंचाइयां छुएगा बिहार

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि 2005 के बाद से विकास के नए पथ पर अग्रसर बिहार अब नये फलक को छूने के कगार पर है। यह राज्य नई ऊंचाइयों को छुएगा। कानून-व्यवस्था, विकास व सामाजिक सद्भाव के मामले में बिहार की परिभाषा बदल चुकी है। केंद्र सरकार के सहयोग से बिहार में हर क्षेत्र में खूब काम हुआ और अगले पांच वर्षों के लिए भी रोडमैप तैयार है।

समृद्धि यात्रा के क्रम में मुख्यमंत्री गुरुवार को पूर्णिया और कटिहार में लोगों को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक प्रखंड में आदर्श स्कूल और डिग्री कालेज खोला जाएगा। प्रखंड के अस्पताल को विशेष अस्पताल बनाया जाएगा। ग्रामीण सड़कों को टू लेन किया जाएगा। पटना में स्पोर्ट्स सिटी बनाई जाएगी। खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी दी जाएगी।

बिहार को केंद्र सरकार का भरपूर सहयोग
उन्होंने कहा कि बिहार को केंद्र सरकार का भरपूर सहयोग मिल रहा है। मखाना किसानों के लिए बेहतर काम होगा। मंत्री लेशी सिंह अपने संबोधन के दौरान राजनीतिक सफर में मुख्यमंत्री के सहयोग की चर्चा करते हुए रो पड़ीं।