बिहार में अपराधियों का तांडव ! जदयू नेता को मारी गोली, मचा हड़कंप

बेगूसराय : बिहार के बेगूसराय से बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां जदयू के छात्र नेता को अपराधियों ने गोली मार दी है। बताया जा रहा है कि छात्र नेता सुबह सुबह जिम जा रहे थे इसी दौरान बेखौफ अपराधियों ने जदयू के छात्र नेता को गोली मार दी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि छात्र नेता की हालत गंभीर है।

जदयू के छात्र नेता को मारी गोली
जानकारी अनुसार पूरा मामला जिले के लोहिया नगर थाना क्षेत्र के बाघा गुमटी के पास की बताई जा रही है। जानकारी अनुसार बुधवार की सुबह जब छात्र नेता जिम जा रहे थे तभी अपराधियों ने घटना को अंजाम दिया। जानकारी अनुसार गोली लगने से जदयू के छात्र नेता गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उन्हें तुरंत इलाज के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति पर डॉक्टर नजर बनाए हुए हैं।

जिम जाने के दौरान मारी गोली
घायल छात्र नेता की पहचान सोनू कुमार राय के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह बुधवार सुबह रोज की तरह अपने घर से जिम जाने के लिए निकले थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए अपराधियों ने उन पर फायरिंग कर दी और मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

पुलिस के दावे हो रहे फेल
बता दें कि, प्रदेश में आपराधिक घटनाओं का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है। बेखौफ अपराधी एक के बाद एक आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। अपराधियों पर नकेल कसने की पुलिस की तमाम कोशिशें नाकाम हो रही है। इसी कड़ी में बेगूसराय से सामने आई खबर पुलिस कार्यशैली पर एक बार फिर सवाल खड़ा कर रही है। पुलिस के अपराध पर लगाम कसने की तमाम दावे फेल हो रहे हैं।