बिरयानी में पड़ गया ज्यादा नमक तो पति ने पत्नी को मार डाला, यूपी की महिला से की थी लव मैरिज

मुंबई: मुंबई में एक शख्स ने अपनी पत्नी को महज इसलिए मार डाला क्योंकि बिरयानी में ज्यादा नमक पड़ गया था। मुंबई की शिवाजी नगर पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की तरफ से दर्ज FIR के मुताबिक मुंबई के गोवंडी इलाके में पति पत्नी के बीच के घरेलू विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। बिरयानी में ज्यादा नमक होने को लेकर हुए झगड़े के बाद एक युवक ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी।

पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान 23 वर्षीय सिविल इंजीनियर मंजार इमाम हुसैन के रूप में हुई है। मृतका उसकी पत्नी नाजिया परवीन (20 वर्ष) थी, जो उत्तर प्रदेश के कुशीनगर की रहने वाली थी। दंपती ने प्रेम विवाह किया था और शादी के बाद मुंबई आकर गोवंडी के शिवाजी नगर इलाके में किराए के मकान में रह रहे थे।

दोनों के बीच होता था विवाद

जांच में सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच अक्सर छोटी-छोटी बातों को लेकर विवाद होता रहता था। कभी फोन पर बात करने को लेकर तो कभी खाने को लेकर दोनों में झगड़े होते थे। पुलिस का कहना है कि आरोपी को पत्नी का बनाया खाना पसंद नहीं आता था, जिससे अक्सर तनाव की स्थिति बनी रहती थी।

19 दिसंबर को हुआ था विवाद

19 दिसंबर की रात करीब 10 बजे डिनर के दौरान बिरयानी को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हुई। आरोपी ने खाने को बेस्वाद बताते हुए ज्यादा नमक होने की शिकायत की। बहस जल्द ही हिंसक झगड़े में बदल गई और गुस्से में आकर आरोपी ने पत्नी का सिर दीवार पर मार दिया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। घटना के दौरान हुई तेज आवाज सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और नाजिया को बेहोशी की हालत में पाया। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका के मामा के बयान के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।