हरियाणा में पड़ने वाली है भयंकर ठंड, IMD ने अगले तीन दिनों के लिए जारी की चेतावनी, रहें सावधान

फरीदाबाद: हरियाणा में एक बार फिर कड़ाके की ठंड ने दस्तक दे दी है. प्रदेश में हाड़ कंपाने वाली ठंड के साथ-साथ घने कोहरे का दौर शुरू हो चुका है. मौसम विभाग ने 26 दिसंबर तक कोहरे और कोल्ड-डे को लेकर चेतावनी जारी की है. कई जिलों में अलर्ट घोषित किया गया है. जिससे आम जनजीवन के प्रभावित होने की आशंका है.
मौसम विभाग के अनुसार आज और कल सिरसा, फतेहाबाद, हिसार और उत्तर हरियाणा के जिलों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है. सोनीपत और झज्जर में सुबह से ही घना कोहरा देखने को मिल रहा है, जिससे दृश्यता काफी कम हो गई है. फतेहाबाद में भी धुंध का असर साफ दिखाई दे रहा है. इसे देखते हुए प्रशासन ने वाहन चालकों को खास सतर्कता बरतने की सलाह दी है और अनावश्यक यात्रा से बचने को कहा है.

आज प्रदेश के सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, नूंह (मेवात), रोहतक और जींद जिलों में कोहरे को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है. वहीं 25 और 26 दिसंबर को मध्य और दक्षिण हरियाणा के जिलों रोहतक, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद और रेवाड़ी में ऑरेंज और रेड अलर्ट रहेगा. इन जिलों में बेहद घना कोहरा और कोल्ड-डे की स्थिति बनी रहेगी. इसका मतलब यह है कि दिन में भी धूप निकलने की संभावना कम रहेगी और ठिठुरन बनी रहेगी. हालांकि कल यानी 23 दिसंबर को हरियाणा के मौसम में हल्का बदलाव भी देखने को मिला. भारतीय मौसम विभाग, चंडीगढ़ के अनुसार प्रदेश के अधिकतम तापमान में औसतन 2.1 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई. इसके कारण दिन में हल्की गर्माहट महसूस हुई लेकिन रात और सुबह के समय ठंड बरकरार रही.

प्रदेश में सबसे अधिक तापमान फरीदाबाद में दर्ज किया गया. यहां ऑटोमैटिक वेदर स्टेशन पर अधिकतम तापमान 25.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ. बीते 24 घंटों में फरीदाबाद के तापमान में 6.2 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई जिससे दिन में मौसम साफ और धूप वाला रहा. नूंह में अधिकतम तापमान 23.8 डिग्री, मंडकोला में 23 डिग्री, करनाल के इंद्री में 23.7 डिग्री और चंडीगढ़ में 23.5 डिग्री सेल्सियस रहा. वहीं नारनौल में ठंड ज्यादा रही जहां अधिकतम तापमान सिर्फ 16.5 डिग्री दर्ज किया गया.

मौसम विभाग ने बताया कि फिलहाल किसी पश्चिमी विक्षोभ का असर नहीं है और प्रदेश में बारिश नहीं हुई है. आने वाले दिनों में तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव बना रह सकता है. किसानों और आम लोगों को सुबह-शाम ठंड से बचाव करने और कोहरे के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.