शिमला: राहुल गांधी की ‘अधिकार यात्रा’ में शामिल होने के लिए बिहार पहुंचे मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू लगातार हिमाचल प्रदेश में मूसलाधार बारिश और भूस्खलन से बने हालात की जानकारी लेते रहे। दिल्ली से हवाईयात्रा कर दरभंगा पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री ने सबसे पहले मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना से फ़ोन पर संपर्क कर ताज़ा स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि वरिष्ठ अधिकारी तुरंत बैठक कर राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा करें और उसमें गति लाएं। उन्होंने आपदा से प्रभावित बिजली-पानी की योजनाओं को शीघ्र बहाल करने तथा सभी आवश्यक सुविधाएं जल्द उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने विभिन्न जिलों के प्रशासनिक अधिकारियों से भी अपडेट लिया।
लाहुल से बीमार लोगों के फंसे होने की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री ने तुरंत उनके एयर लिफ़्ट के आदेश दिए और उन्हें कुल्लू पहुंचाने का प्रबंध किया। साथ ही उपायुक्त को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि मरीजों को तत्काल और उचित चिकित्सा सुविधा मिले। बिहार प्रवास के दौरान भी मुख्यमंत्री लगातार हिमाचल की स्थिति पर नजऱ बनाकर हरसंभव मदद सुनिश्चित करने के लिए तत्पर हैं। वह प्रदेश में जारी राहत एंव बचाव कार्यों का लगातार अपडेट ले रहे हैं। बिहार में राहुल गांधी की अधिकार यात्रा के दौरान सीएम सुक्खू उनकी ओपन जीप में उनके साथ थे।
सडक़-बिजली-पानी बहाल करने के आदेश
मुख्यमंत्री सुक्खू ने लगातार बारिश के कारण पिछले 72 घंटों के दौरान चंबा जिला में हुई जन हानि पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार इस दुख की घड़ी में शोक संतप्त परिवारों के साथ है और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और शोक संतप्त परिवारजनों को इस अपूर्णीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है। सीएम सुक्खू ने चंबा जिला प्रशासन को आपदा प्रभावित क्षेत्रों में सडक़ मार्ग को प्राथमिकता के आधार पर बहाल करने के साथ प्रभावित क्षेत्रों में जलापूर्ति योजनाओं की तत्काल मरम्मत के भी निर्देश दिए हैं।