मोतिहारी: मोतिहारी के चकिया थाना इलाके के सिहोरवा मठ के पास पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई. घटना सोमवार देर रात की है. करीब एक घंटे तक चली इस मुठभेड़ में एक जवान की मौत भी हो गई. जबकि दो कुख्यात अपराधी मारे गए. मृत अपराधियों की पहचान सिहोरवा मठ निवासी कुंदन ठाकुर और दिव्यांशु दुबे के रूप में की गई है.
अपराधियों ने दी थी ये धमकी
मुठभेड़ के बाद घटनास्थल से पुलिस ने एक कार्बाइन और भारी मात्रा में गोलियां बरामद की हैं. दोनों अपराधियों पर आर्म्स एक्ट में केस दर्ज थे. बताया जा रहा है कि अपराधियों ने पुलिस को फोन कर धमकी दी थी. अपराधियों ने कहा था, न्यूज में चल रहा है कि मुठभेड़ में एक बदमाश घायल. अगली न्यूज क्या होगी पता है? पुलिस-अपराधी के बीच मुठभेड़ में 10 से 15 पुलिस की मौत. अपराधी फरार. साथ ही यह भी कहा, इतनी गोलियां चलेंगी कि…
इस तरह अपराधियों तक पहुंची पुलिस
अपराधियों की इस धमकी के बाद ही पुलिस ने नंबर ट्रेस करना शुरू कर दिया. इसके बाद पुलिस को लोकेशन का पता चला. लोकेशन मिलते ही पुलिस की टीम और एसटीएफ वहां पहुंची और अपराधियों को घेर लिया. इसी दौरान अपराधियों ने पुलिस को देख उन पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी मोर्चा संभाला.
दोनों तरफ से ताबड़तोड़ गोलीबारी हुई, जिसमें कुंदन और दिव्यांशु की मौत हो गई. इसके साथ ही फायरिंग में एक जवान की भी मौत हो गई. जानकारी के मुताबिक, इस दौरान दोनों अपराधी के साथी मौके से फरार हो गए. फिलहाल, इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.
रविवार की रात सारण में हुआ था एनकाउंटर
इससे पहले रविवार की देर रात सारण में एक अपराधी का एनकाउंटर किया गया था. पुलिस ने एक शराब माफिया के पैर में गोली मारकर उसे गिरफ्तार किया था. पुलिस जहरीली शराब कांड को लेकर जांच के लिए पहुंची थी, इसी दौरान एनकाउंटर हुआ. गिरफ्तार आरोपी की पहचान पानापुर थाना इलाके के मिथवा गांव निवासी मुन्नी महतो के 26 साल के बेटे सूरज महतो के रूप में हुई थी.