‘लड़कियां पढ़ने में कम और लड़कों पर ज्यादा ध्यान देती हैं…’ जेडीयू MLC रीना यादव ने छात्राओं को दी नसीहत

पटना ; पटना में नीट छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत मामले की गुत्थी सुलझने का नाम नहीं ले रही है. इस जघन्य कांड में 15 दिन बाद भी कुछ होता नजर नहीं आ रहा और जांच के नाम पर सिर्फ परिजनों को ही परेशान किया है. इस बीच महिला सुरक्षा पर जेडीयू एमएलसी रीना यादव का एक अजीब बयान सोशल मीडिया पर बड़ी तेजी से वायरल हो रहा है. इस बयान वे छात्राओं को लड़कों से दूर रहने की नसीहत दे रही हैं. वीडियो सिलाव प्रखंड के नीरपुर गांव में आयोजित एक कार्यक्रम का बताया जा रहा है. इस कार्यक्रम में पहुंची विधान पार्षद रीना यादव ने छात्राओं को सुरक्षा का भरोसा देने के बजाय उन्हें “लड़कों की ओर ध्यान न देने” की नसीहत दी.

उन्होंने कहा कि लड़कों पर ध्यान देने से छात्राएं पढ़ाई में पिछड़ती हैं. लड़कियां पढ़ने में कम और लड़कों पर ज्यादा ध्यान देती हैं. सत्ताधारी पार्टी की एमएलसी का यह वीडियो सोशल मीडिया पर बड़ी तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इसे लेकर उनकी आलोचना कर रहे हैं. सोशल मीडिया पर लोगों ने कहा कि उन्हें नसीहत नहीं बल्कि छात्राओं-महिलाओं को सुरक्षा देना चाहिए. यह बयान ऐसे वक्त में आया है, जब छात्राएं और अभिभावक सरकार से सुरक्षा को लेकर स्पष्ट जवाब और कार्रवाई की उम्मीद कर रहे हैं. वहीं वीडियो वायरल होने पर एमएलसी रीना यादव ने कहा कि यह सब मैंने मजाकिया अंदाज में कहा था. मेरे कहने का मतलब सिर्फ और सिर्फ समाज में बढ़ती परेशानियों को देखकर कहा है.

रीना यादव ने कहा कि मैंने छात्राओं को समझाया था कि यही वो उम्र होती है जिसमें लड़कियां, लड़कों पर ज्यादा आकर्षित हो जाती हैं. हालांकि, इस कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने भी इस बयान को असंवेदनशील बताया है. उनका कहना है कि नसीहतों के बजाय सरकार को यह बताना चाहिए था कि स्कूल-कॉलेजों के आसपास सुरक्षा कैसे बढ़ाई जा रही है? इस सरकार में मनचलों पर क्या कार्रवाई हो रही है? उन्होंने कहा कि पटना में नीट छात्रा कांड के बाद पूरे प्रदेश में बच्चियों के मन में डर का माहौल में आया और ऐसे वक्त में सत्ताधारी पार्टी के नेता की ओर इस तरह का बयान सरकार की प्राथमिकताओं पर सवाल खड़े करता है.