दरभंगा: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई आर्थिक मामलों की कैबिनेट कमेटी की हुई बैठक में देशभर में 57 नए केंद्रीय विद्यालय खोलने को मंजूरी दी गई है. यह निर्णय न केवल शिक्षा क्षेत्र में एक बड़ा कदम है, बल्कि नई पीढ़ी के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण पहल है. सबसे बड़ी बात यह है कि इन 57 विद्यालयों में से 19 नए केंद्रीय विद्यालय बिहार के विभिन्न जिलों में खोले जाएंगे. बिहार के जिन जिलों में केंद्रीय विद्यालय खुलेंगे उनमें मधुबनी, दरभंगा, सीतामढ़ी, कटिहार, मधेपुरा, भागलपुर, मुंगेर और बोधगया शामिल हैं.
जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने केंद्र सरकार के इस फैसले का स्वागत किया है. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट शेयर करते हुए संजय कुमार झा ने लिखा, ‘बिहार के लिए ऐतिहासिक सौगात! हमें शेयर करते हुए खुशी है कि आज माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की अध्यक्षता में हुई आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति की महत्वपूर्ण बैठक में देशभर में सिविल सेक्टर के अंतर्गत 57 नए केंद्रीय विद्यालय (KVs) खोलने को मंजूरी दी गई है. इनमें से 19 केंद्रीय विद्यालय बिहार के विभिन्न जिलों में खुलेंगे, जिनमें मधुबनी, दरभंगा, सीतामढ़ी, कटिहार, मधेपुरा, भागलपुर और मुंगेर जिले शामिल हैं.’
उन्होंने बिहार में नई पीढ़ी को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में इस अत्यंत महत्वपूर्ण फैसले के लिए माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी, माननीय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार जी और माननीय केंद्रीय शिक्षा मंत्री श्री धर्मेंद्र प्रधान जी को सभी धन्यवाद दिया.
उन्होंने आगे लिखा कि मुझे विश्वास है, बिहार में दशकों बाद इतनी बड़ी संख्या में नये केंद्रीय विद्यालय खुलने से शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा बदलाव आएगा. राज्य सरकार ने नये केंद्रीय विद्यालय खोलने के लिए उपयुक्त भूमि का चयन कर उसका प्रस्ताव पहले ही केंद्र सरकार को भेज दिया है. इसलिए इन विद्यालयों को शुरू करने की प्रक्रिया भी जल्द पूरी हो जाएगी.