लालच में कातिल बना आशिक,शादी से पहले माशूका को दी दर्दनाक मौत; जिस्म और जेवर पर थी नजर

सीवान: बिहार के सीवान में 21 नवंबर को मिली शाहनाज खातून की लाश मामले का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। पुलिस की जांच में घटना का कारण प्रेम प्रसंग और लूट बताया गया है। इस कांड में मृतका के आशिक सैफ अली और उसके दोस्त रेयाज अहमद को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों की निशानदेही पर करीब पांच लाख के आभूषण और 93 हजार रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है। घटना बड़रिया थाना क्षेत्र के बसावनबारी गांव की है। सैफ ने अपना गुनाह कबूर कर लिया है।

सीवान एसपी मनोज तिवारी के निर्देश पर बनी विशेष टीम ने डीएसपी सदर अजय सिंह के नेतृत्व में जांच शुरू की। जांच में मिला शाहनाज का मोबाइल फोन इस केस को सुलझाने की अहम कड़ी साबित हुआ। इसके सीडीआर के आधार पर पुलिस सबसे पहले रेयाज तक पहुंची। बाद में उसकी निशानदेही पर मुख्य आरोपी सैफ अली को जिला मुख्यालय स्थित एक होटल से धर-दबोचा गया।

तीन साल से अफेयर
मामले में थाना अध्यक्ष छोटन कुमार ने बताया कि शाहनाज खातून का लगभग तीन वर्षों से प्रेम संबंध था। शाहनाज शादीशुदा थी पर वह सैफ से शादी करना चाहती थी। लेकिन सैफ शादी से बच रहा था क्योंकि वह कुंवारा है। उसकी नजर प्रेमिका के जिस्म और घर में रखे आभूषण व रुपये पर थी। जिसे लेकर दोनों भागने वाले थे। योजनाबद्ध तरीके से उसने अपे एक साथी रेयाज के साथ मिलकर शाहनाज की दुपट्टे से गला दबाकर हत्या कर दी और आभूषण के साथ नकदी लेकर फरार हो गया।

दुबई से आया था सैफ
जांच में यह भी सामने आया कि सैफ कुछ दिन पहले ही दुबई से बिना बताए भारत लौटा था। वह मुंबई और लखनऊ होते हुए गोरखपुर पहुंचा। वहां उसने नया सिम खरीदा और शाहनाज व रेयाज से संपर्क किया। सीवान आने के बाद वह फर्नीचर दुकान पर छिपकर रहता था और बीच-बीच में शाहनाज से मुलाकात भी करता था। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त सामान और लूटे गए आभूषणों को बरामद कर लिया है। टीम में एसआई कुंदन तिवारी, एसआई दुर्गा कुमारी, इंस्पेक्टर अखिलेश कुमार सहित कई अधिकारी शामिल थे।