बिहार में 1 अप्रैल से जमीन रजिस्ट्री की नई व्यवस्था, पोर्टल पर सेटेलाइट तस्वीर अपलोड करने पर मिलेगा समय

पटनाः बिहार में एक अप्रैल से जमीन रजिस्ट्री की नई व्यवस्था लागू होने जा रही है। जमीन रजिस्ट्री की नई व्यवस्था के लागू करने के पहले दरभंगा में सफल ट्रायल किया गया। नई व्यवस्था के तहत निबंधन विभाग के पोर्टल पर जमीन की तस्वीर डालने के बाद ही रजिस्ट्री का समय मिलेगा। इस व्यवस्था से जमीन की खरीद-बिक्री में होने वाली गड़बड़ी पर रोक लग सकेगी और पारदर्शी तरीके से रजिस्ट्री हो सकेगी।

सेटेलाइट तस्वीर अपलोड करने के बाद ही रजिस्ट्री का समय

नई व्यवस्था सिर्फ जमीन रजिस्ट्री के लिए ही नहीं लागू होगी, बल्कि मकान और फ्लैट की रजिस्ट्री में भी तस्वीर अपलोड करना अनिवार्य होगा। निबंघन विभाग के पोर्टल पर मकान, फ्लैट या जमीन की सेटेलाइट तस्वीर अपलोड करने के बाद ही रजिस्ट्री का समय मिलेगा। विभागीय अधिकारियों के अनुसार दरभंगा में इसका ट्रायल सफल रहा।

जमीन, मकान या फ्लैट खरीद में होने वाला फर्जीवाड़ा रुकेगा

निबंधन विभाग के अनुसार दरभंगा में ट्रायल के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों सेटेलाइट तस्वीर को ऑनलाइन अपलोड कर देखा गया। अब इस व्यवस्था को लेकर सभी तकनीकी औपचारिकता करने के बाद एक अप्रैल से नई व्यवस्था लागू हो जाएगी। इसके तहत पोर्टल पर खाता नंबर, प्लाट नबंर और अन्य जानकारी देनी होगी। सेटेलाइट से अक्षांश-देशांतर तस्वीर अपलोड करने से जमीन, मकान या फ्लैट खरीद में होने वाला फर्जीवाड़ा रुक सकेगा।

एक आदमी, दो बार नहीं बेच सकेगा

निबंधन कार्यालय में विक्रेता की सेटेलाइट तस्वीर रहने पर वो किसी भी जमीन, फ्लैट या मकान को दोबारा नहीं बेच सकेगा। ऐसा करने पर विभाग को तुरंत जानकारी मिल जाएगी और अनुमति देने से मना कर दिया जाएगा।