बिहार से बड़ी खबर, पटना-भागलपुर कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, मच गया हड़कंप

पटनाः बिहार से बड़ी खबर सामने आई. पटना और भागलपुर सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली है. यह मेल के जरिए भेजी गई, जिसकी सूचना मिलते ही पुलिस अलर्ट हो गई और बम निरोधक दस्ते को मौके पर बुलाया गया. भागलपुर कोर्ट परिसर को खाली कराया गया. साथ ही बम होने की आशंका के चलते तलाशी ली जा रही है. दोनों कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया.

राजधानी पटना के सिविल कोर्ट के साथ ही भागलपुर सिविल कोर्ट को भी बम से उड़ाने की धमकी दी गई. दोनों ही मामलों में ई-मेल के जरिए धमकी भेजे जाने की बात सामने आई है. धमकी मिलते ही प्रशासन और पुलिस महकमा अलर्ट हो गया और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए. पटना सिविल कोर्ट को मिले धमकी भरे ई-मेल में आरडीएक्स से कोर्ट परिसर को उड़ाने की बात कही गई है. ई-मेल भेजने वाले ने अपना नाम एलटीटीई सदस्य अरुण कुमार बताया है. धमकी मिलने की सूचना मिलते ही कोर्ट प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पूरे कोर्ट कैंपस को खाली कराने का आदेश दे दिया. कोर्ट के रजिस्ट्रार ने जिला बार एसोसिएशन को भी इसकी जानकारी दी, ताकि वकीलों और आम लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सके.

ई-मेल के जरिए मिली धमकी
भागलपुर सिविल कोर्ट को भी इसी तरह ई-मेल के माध्यम से बम से उड़ाने की धमकी मिली. सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई और बम निरोधक दस्ता मौके पर बुलाया गया. एहतियात के तौर पर पूरे कोर्ट परिसर को खाली करा लिया गया है. बम होने की आशंका के चलते कोर्ट परिसर और आसपास के इलाकों में गहन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है. दोनों जिलों में पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर मौजूद हैं. डॉग स्क्वॉड, बम निरोधक दस्ता और अन्य सुरक्षा एजेंसियां हर कोने की जांच कर रही हैं, ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते टाला जा सके. फिलहाल अब तक किसी संदिग्ध वस्तु के मिलने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन जांच जारी है.

जांच में जुटा प्रशासन
लगातार कोर्ट परिसरों को धमकी मिलने से वकीलों, कर्मचारियों और आम लोगों में दहशत का माहौल है. प्रशासन का कहना है कि धमकी भेजने वाले की पहचान और लोकेशन ट्रेस करने की कोशिश की जा रही है. साइबर सेल को भी जांच में लगाया गया है. सुरक्षा एजेंसियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है.